मुंबई: महाराष्ट्र क्रिकेट के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब वानखेड़े स्टेडियम में लेवल-1 स्टैंड का नाम पूर्व भारतीय क्रिकेटर रवि शास्त्री के नाम पर रखा गया। इस स्टैंड का अनावरण महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया।
इसके साथ ही महान क्रिकेटर दिलीप सरदेसाई, एकनाथ सोलकर और डायना एडुल्जी के नाम पर स्टेडियम के गेट्स का भी अनावरण किया गया।
सीएम फडणवीस ने बताया गौरव का पल
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस अवसर पर कहा कि क्रिकेट की इन महान हस्तियों के नाम पर स्टैंड और गेट का नामकरण करना उनके लिए गर्व की बात है।
उन्होंने सुनील गावस्कर और दिलीप वेंगसरकर के योगदान को भी याद करते हुए कहा कि मुंबई क्रिकेट को इन दिग्गजों ने नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
मुंबई क्रिकेट के विकास पर जोर
फडणवीस ने कहा कि मुंबई में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक ही मैदान पर कई पिच होने से खिलाड़ियों को दिक्कत होती है, जिसे सुधारने की दिशा में काम किया जाएगा।
इस मौके पर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजिंक्य नाईक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
‘मेरे लिए गर्व का पल’ – रवि शास्त्री
रवि शास्त्री ने इस सम्मान पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वानखेड़े जैसे ऐतिहासिक स्टेडियम में उनके नाम पर स्टैंड होना उनके लिए बेहद गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि अब जब भी वह यहां कमेंट्री के लिए आएंगे, यह उनके लिए खास अनुभव होगा।
महिला क्रिकेट को पहचान मिलने पर बोलीं डायना एडुल्जी
डायना एडुल्जी ने कहा कि जब उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया था, तब महिला क्रिकेट को उतनी प्राथमिकता नहीं मिलती थी। लेकिन आज महिला क्रिकेट को पहचान मिलना एक बड़ी उपलब्धि है।
स्टेडियम का इस्तेमाल सिर्फ खेल के लिए हो – राजदीप सरदेसाई
पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने अपील की कि वानखेड़े स्टेडियम और अन्य क्रिकेट मैदानों का उपयोग केवल खेल गतिविधियों के लिए ही किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यहां शादी समारोह या अन्य कार्यक्रमों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

