विमेंस एशिया कप 2026: टीम इंडिया ने महिला एशिया कप 2026 में अपने आखिरी ग्रुप मैच में पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर जीत की हैट्रिक पूरी कर ली। दुबई में खेले गए मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान को महज 55 रन पर समेट दिया। इसके बाद भारत ने 52 गेंद बाकी रहते 8।4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज का अंत शानदार अंदाज में किया।
भारतीय स्पिनर्स के सामने पाकिस्तान ने टेके घुटने
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत ठीक रही और उसके ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद भारतीय स्पिनर्स ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। श्री चरणी ने 3 विकेट लेकर 7 रन दिए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 2 विकेट लेकर 5 रन खर्च किए।
प्रेमा रावत ने भी 3 विकेट झटके और 9 रन दिए। वहीं शेफाली वर्मा को 1 विकेट मिला। पाकिस्तान ने 27 रन पर पहला विकेट गंवाने के बाद अपने बाकी 9 विकेट सिर्फ 28 रन के अंदर गंवा दिए। पूरी पाकिस्तानी टीम महज 55 रन पर ऑलआउट हो गई, जो उसका टी20 क्रिकेट में सबसे छोटा स्कोर बताया जा रहा है।
फातिमा सना ने भारत को दिए शुरुआती झटके
56 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने पहली ही गेंद से आक्रामक तेवर दिखाए। शेफाली वर्मा ने पहली गेंद पर छक्का जड़कर मैच को जल्द खत्म करने का इरादा जाहिर कर दिया। हालांकि पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को शुरुआती झटके दिए।
फातिमा सना ने 2 ओवर के अंदर शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना को पवेलियन भेज दिया। इससे भारतीय टीम एक समय थोड़ी परेशानी में नजर आई, लेकिन लक्ष्य बेहद छोटा होने के कारण पाकिस्तान इसका फायदा नहीं उठा सका।
हरमनप्रीत और दीप्ति ने दिलाई आसान जीत
शुरुआती तीन विकेट गिरने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 18 रन की पारी खेली और दीप्ति शर्मा ने 12 रन बनाकर उनका साथ दिया। दोनों ने मिलकर भारतीय टीम को 8।4 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
भारत ने 7 विकेट से मुकाबला जीतकर पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। पाकिस्तान ने अक्टूबर 2022 के बाद भारत के खिलाफ लगातार चार मुकाबले गंवाए थे और इस मैच में जीत के साथ वह इस सिलसिले को तोड़ना चाहता था, लेकिन भारतीय गेंदबाजी के सामने उसकी एक नहीं चली।
ग्रुप स्टेज में टीम इंडिया का शानदार अंत
भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी थी। पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ उसने ग्रुप स्टेज का अंत लगातार तीन जीत के साथ किया। अब सेमीफाइनल में भारतीय टीम की नजर टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाने और खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाने पर होगी।

