सूरज बड़जात्या की फिल्म का पहला गाना हुआ रिलीज, श्रेया घोषाल और निहाल तौरो ने दी आवाज; 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म
सूरज बड़जात्या की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का पहला गाना और टाइटल ट्रैक रिलीज हो गया है। आयुष्मान खुराना और शरवरी स्टारर यह फिल्म प्यार, शादी, रिश्तों और भारतीय संस्कारों के इर्द-गिर्द बुनी गई पारिवारिक-रोमांटिक कहानी है।
राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के टाइटल ट्रैक को मुंबई के रॉयल ओपेरा हाउस में आयोजित एक खास कार्यक्रम में लॉन्च किया गया। गाने की लॉन्चिंग के दौरान संगीतकार हिमेश रेशमिया ने लाइव परफॉर्मेंस भी दी।
श्रेया घोषाल और निहाल तौरो ने दी आवाज
‘ये प्रेम मोल लिया’ के टाइटल ट्रैक को श्रेया घोषाल और निहाल तौरो ने अपनी आवाज दी है। गाने का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल कुमार ने लिखे हैं।
गीत में प्रेम और रिश्तों की भावनाओं के साथ-साथ परिवार और उत्सव का माहौल देखने को मिलता है। गाने की धुन और प्रस्तुति फिल्म की पारिवारिक और रोमांटिक थीम को सामने लाती है।
शादी के जश्न में नजर आए आयुष्मान और शरवरी
गाने के वीडियो में आयुष्मान खुराना और शरवरी शादी के जश्न के बीच नजर आते हैं। पारिवारिक उत्सव, रिश्तों की गर्माहट और प्रेम से सजे इस गीत में राजश्री प्रोडक्शंस की पारिवारिक फिल्मों की झलक दिखाई देती है।
फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक और सतीश शाह जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
सूरज बड़जात्या फिर लेकर आए प्रेम और परिवार की कहानी
‘ये प्रेम मोल लिया’ का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है। फिल्म के जरिए निर्देशक एक बार फिर प्रेम, परिवार और भारतीय संस्कारों से जुड़ी कहानी लेकर दर्शकों के बीच आ रहे हैं।
फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। आयुष्मान खुराना और शरवरी की जोड़ी को लेकर भी फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।

