पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह को आईपीएल 2027 के लिए असिस्टेंट और बैटिंग कोच बनाया गया है, जहां वह सौरव गांगुली के साथ काम करेंगे।
दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल के अगले सीजन के लिए पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह को असिस्टेंट और बैटिंग कोच नियुक्त किया है। 44 वर्षीय युवराज पहली बार आईपीएल में औपचारिक रूप से कोचिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। अपने आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज और बड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के लिए पहचाने जाने वाले युवराज अब अपने अनुभव से दिल्ली के खिलाड़ियों को बेहतर बनाने में मदद करेंगे।
इस नियुक्ति के साथ दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज एक साथ काम करते नजर आएंगे। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली टीम के हेड कोच हैं। युवराज और गांगुली पहले भारतीय टीम के लिए साथ खेल चुके हैं। अब दोनों के सामने दिल्ली कैपिटल्स को पहली बार आईपीएल चैंपियन बनाने की चुनौती होगी।
नई जिम्मेदारी मिलने पर युवराज ने जताई खुशी
दिल्ली कैपिटल्स में नई भूमिका मिलने पर युवराज सिंह ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि दिल्ली की टीम के साथ उनका पुराना जुड़ाव रहा है और टीम के मालिकों के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। इसलिए यह अवसर उनके लिए खास है।
युवराज ने इस नई पारी को लेकर उत्साह जताया और सौरव गांगुली के साथ कोच के तौर पर काम करने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कोचिंग को लेकर उनमें वास्तविक जुनून है और वह टीम की सफलता में योगदान देना चाहते हैं।
2015 में दिल्ली के लिए खेल चुके हैं युवराज
युवराज सिंह का दिल्ली कैपिटल्स से पहले भी जुड़ाव रहा है। साल 2015 में फ्रेंचाइजी को दिल्ली डेयरडेविल्स के नाम से जाना जाता था। उस सीजन टीम ने युवराज को आईपीएल नीलामी में 16 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस समय वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे।
युवराज ने उस सीजन दिल्ली की ओर से सभी 14 मुकाबले खेले थे। अब खिलाड़ी के रूप में टीम से जुड़ने के वर्षों बाद वह कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बनकर लौट रहे हैं।
ऐसा रहा है युवराज सिंह का अंतरराष्ट्रीय करियर
युवराज सिंह ने भारत के लिए 40 टेस्ट, 304 वनडे और 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। वह 2007 के टी20 विश्व कप और 2011 के वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के अहम सदस्य रहे।
आईपीएल में युवराज ने 132 मैचों में 2,750 रन बनाए और 36 विकेट भी हासिल किए। अब दिल्ली कैपिटल्स को उम्मीद होगी कि उनका अनुभव, बल्लेबाजी की समझ और युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने की क्षमता टीम के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मदद करेगी।

