FIFA World Cup 2026: उनाई सिमोन ने रचा इतिहास, 36 साल पुराना वर्ल्ड कप रिकॉर्ड तोड़ा; स्पेन प्री-क्वार्टर फाइनल में

Thecity news
4 Min Read

ऑस्ट्रिया को 3-0 से हराकर स्पेन ने बनाई अंतिम-16 में जगह, गोलकीपर उनाई सिमोन बने वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे लंबे समय तक गोल नहीं खाने वाले खिलाड़ी

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में स्पेन ने ऑस्ट्रिया को 3-0 से हराकर शानदार अंदाज में प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ स्पेन के स्टार गोलकीपर उनाई सिमोन ने फुटबॉल इतिहास में नया अध्याय लिख दिया। 29 वर्षीय सिमोन ने वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे लंबे समय तक बिना गोल खाए रहने का 36 साल पुराना रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

519 मिनट तक नहीं खाया एक भी गोल

उनाई सिमोन पिछले दो फीफा वर्ल्ड कप को मिलाकर लगातार 519 मिनट तक बिना गोल खाए मैदान पर टिके हुए हैं। इस दौरान कोई भी विरोधी टीम उनके खिलाफ गोल करने में सफल नहीं हो सकी। इसी के साथ उन्होंने इटली के दिग्गज गोलकीपर वाल्टर जेंगा का 1990 विश्व कप में बनाया गया 517 मिनट का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

सिमोन ने मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार चौथी क्लीन शीट दर्ज कर अपने शानदार फॉर्म को भी बरकरार रखा है।

इकर कैसियास का रिकॉर्ड भी छोड़ा पीछे

ऑस्ट्रिया के खिलाफ मुकाबले के दूसरे हाफ में उनाई सिमोन ने स्पेन के महान गोलकीपर इकर कैसियास का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। कैसियास ने 2010 और 2014 विश्व कप के दौरान स्पेन के लिए सबसे लंबी क्लीन शीट का रिकॉर्ड बनाया था, जिसे अब सिमोन ने अपने नाम कर लिया है।

दिलचस्प बात यह रही कि पूरे मैच में ऑस्ट्रिया की टीम स्पेन के गोलपोस्ट पर एक भी शॉट ऑन टारगेट नहीं लगा सकी। ऐसे में सिमोन को पूरे मुकाबले में एक भी सेव करने की जरूरत नहीं पड़ी। पूरे टूर्नामेंट में अब तक स्पेन के खिलाफ विरोधी टीमें केवल चार शॉट ऑन टारगेट ही लगा सकी हैं।

स्पेन की मजबूत दीवार बने उनाई सिमोन

स्पेन की मजबूत डिफेंस के पीछे उनाई सिमोन सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी बनकर उभरे हैं। उनकी शानदार गोलकीपिंग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्पेन की टीम में मौजूद दुनिया के कई बड़े गोलकीपर भी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना पा रहे हैं।

आर्सेनल के गोलकीपर डेविड राया, जिन्होंने लगातार तीन सीजन प्रीमियर लीग का गोल्डन ग्लव जीता है, इस विश्व कप में रिजर्व की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं बार्सिलोना के युवा गोलकीपर जोन गार्सिया भी बेंच पर बैठे हैं। इसके बावजूद स्पेन के मुख्य कोच लुइस डी ला फुएंते ने उनाई सिमोन पर अपना भरोसा कायम रखा और उनका यह फैसला पूरी तरह सही साबित हुआ।

स्पेन की नजर अब विश्व कप खिताब पर

लगातार शानदार प्रदर्शन और मजबूत डिफेंस के दम पर स्पेन अब खिताब के प्रमुख दावेदारों में शामिल हो गया है। टीम ने ग्रुप स्टेज के बाद राउंड ऑफ 32 में भी अपना दबदबा कायम रखा है और अब उसकी नजर प्री-क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज कर विश्व कप अभियान को आगे बढ़ाने पर होगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *