साउथ सुपरस्टार रजनीकांत एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर मेकर्स ने बड़ा अपडेट साझा किया है। सन पिक्चर्स ने फिल्म का नया प्रोमो जारी करते हुए इसकी आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। खास बात यह है कि प्रोमो में रजनीकांत का चेहरा नहीं दिखाया गया, लेकिन इसके बावजूद वीडियो ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा बटोर ली है।
15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘जेलर 2’
सन पिक्चर्स की ओर से जारी प्रोमो के मुताबिक ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। साल 2023 में रिलीज हुई ‘जेलर’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी। फिल्म में रजनीकांत ने एक रिटायर्ड जेलर का किरदार निभाया था, जिसका पुलिस अधिकारी बेटा एक खतरनाक स्मगलर के खिलाफ कार्रवाई के दौरान मारा जाता है। इसके बाद बदले की कहानी ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया था।
प्रोमो में विलेन की धमकी, रजनीकांत का चेहरा अब भी सस्पेंस
जारी किए गए प्रोमो की शुरुआत विलेन वर्मन के किरदार से होती है। वीडियो में वह रजनीकांत के किरदार को धमकी देते हुए कहता है कि उसे मारने के बाद भी वह चैन से नहीं जी पाएगा, क्योंकि उसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क है। हालांकि पूरे प्रोमो में रजनीकांत का चेहरा नहीं दिखाया गया है। मेकर्स ने उनके लुक को फिलहाल सस्पेंस में रखा है, जिससे फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
सोशल मीडिया पर छाया ‘जेलर 2’ का प्रोमो
प्रोमो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म की चर्चा तेज हो गई। फैंस रजनीकांत की वापसी को लेकर उत्साहित नजर आए और कई यूजर्स ने बिना फेस रिवील किए प्रोमो को शानदार बताया। फिल्म के टीजर और ट्रेलर का इंतजार भी अब और बढ़ गया है।
दिवाली सीजन में बॉक्स ऑफिस पर होगी बड़ी टक्कर
‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर को रिलीज होने जा रही है। वहीं रणबीर कपूर की बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज को लेकर भी अक्टूबर-नवंबर के बीच आने की चर्चाएं हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अगर दोनों फिल्में एक-दूसरे के करीब रिलीज होती हैं तो बॉक्स ऑफिस पर बड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

