वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू यादगार, सैम करन का लाजवाब कैच जीत रहा दिल
इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया। हालांकि बल्ले से वह बड़ी पारी नहीं खेल सके और 10 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन अपनी शानदार फील्डिंग से उन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सोशल मीडिया पर उनके बेहतरीन कैच का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190/7 का स्कोर बनाया, लेकिन इंग्लैंड ने एक ओवर शेष रहते चार विकेट से मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली, जबकि पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।
मैच के 18वें ओवर में हर्षित राणा की गेंद पर इंग्लैंड के बल्लेबाज सैम करन बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में थे। डीप स्क्वायर लेग पर तैनात वैभव सूर्यवंशी ने दाईं ओर शानदार छलांग लगाते हुए दोनों हाथों से बेहतरीन कैच लपक लिया। इंटरनेशनल करियर के पहले ही मैच में उनकी इस फील्डिंग ने दर्शकों और क्रिकेट विशेषज्ञों को प्रभावित किया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा कि वैभव ने साबित कर दिया कि वह सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, फील्डिंग में भी टीम के लिए अहम खिलाड़ी बन सकते हैं।
मैच में इंग्लैंड की जीत के हीरो जैकब बेथेल रहे, जिन्होंने 46 गेंदों में 76 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने पांच चौके और पांच छक्के लगाए और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। भारत की ओर से रवि बिश्नोई सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने चार ओवर में बिना कोई विकेट लिए 60 रन खर्च किए।
कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार के बाद किसी एक खिलाड़ी को जिम्मेदार ठहराने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि मैच का रुख 15वें ओवर के बाद बदला और 17वें ओवर में इंग्लैंड पूरी तरह मुकाबले पर हावी हो गया। अय्यर ने रवि बिश्नोई का बचाव करते हुए कहा कि हार के लिए किसी एक खिलाड़ी को दोष देना सही नहीं होगा।
अब दोनों टीमें सीरीज के तीसरे मुकाबले में मंगलवार को नॉटिंघम में आमने-सामने होंगी, जहां भारत वापसी की कोशिश करेगा।

