वेट-लीज बसों के रखरखाव, तकनीकी जांच और चालक प्रशिक्षण में खामियों का आरोप; लगातार हादसों के बाद निष्पक्ष जांच की मांग
मुंबई में लगातार हो रहे बेस्ट बस हादसों के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। बेस्ट समिति के सदस्यों का कहना है कि हर दुर्घटना के लिए केवल ड्राइवरों को जिम्मेदार ठहराना वास्तविक समस्या से ध्यान भटकाने की कोशिश है।
मानखुर्द हादसे में एक की मौत, 10 घायल
मानखुर्द में सोमवार सुबह सायन-पनवेल महामार्ग पर रूट-501 की नॉन-एसी सीएनजी बेस्ट बस के कथित ब्रेक फेल होने से बस डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में 62 वर्षीय एक पैदल यात्री की मौत हो गई, जबकि चालक, कंडक्टर समेत 10 लोग घायल हो गए। बेस्ट ने ऑपरेटर मातेश्वरी अर्बन ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस को कारण बताओ नोटिस जारी कर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। क्षतिग्रस्त बस तकनीकी जांच के लिए मानखुर्द पुलिस के कब्जे में है।
वेट-लीज बसों के रखरखाव पर सवाल
बेस्ट समिति के सदस्य फैसल खान ने कहा कि वेट-लीज मॉडल पर चलने वाली बसों के रखरखाव में गंभीर खामियां हैं। उनके अनुसार मेंटेनेंस के लिए पर्याप्त तकनीकी कर्मचारी नहीं हैं और निर्धारित अंतराल पर होने वाली जांच कई मामलों में केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। कई बार बिना वास्तविक निरीक्षण के ही चेकलिस्ट पूरी कर दी जाती है।
उन्होंने कहा कि अधिकांश चालकों के पास 2 से 6 वर्ष का अनुभव है और वे जानबूझकर दुर्घटना नहीं करते। यदि गियर बॉक्स, क्लच, स्टीयरिंग या ब्रेक में तकनीकी खराबी आ जाए तो चालक के पास हादसा टालने के बहुत सीमित विकल्प बचते हैं।
पहले भी जताई थी चिंता
फैसल खान ने बताया कि वह पहले भी बेस्ट प्रबंधन, महाप्रबंधक और संबंधित अधिकारियों को ठेके पर चलने वाली बसों के रखरखाव को लेकर आगाह कर चुके हैं। उनके अनुसार बढ़ते हादसों के पीछे तकनीकी खामियां, चालक प्रशिक्षण की कमी और कार्य परिस्थितियां प्रमुख वजह हो सकती हैं।
सख्त निगरानी की मांग
समिति सदस्य रमाकांत गुप्ता ने भी वेट-लीज बसों के रखरखाव को लेकर प्रशासन को पत्र लिखने की जानकारी दी। उन्होंने नियमित तकनीकी जांच, समयबद्ध मेंटेनेंस और ठेकेदारों की कड़ी निगरानी की मांग करते हुए कहा कि हालिया हादसों के बाद वेट-लीज ऑपरेटरों की जवाबदेही तय करना जरूरी हो गया है।
बेहतर प्रशिक्षण और कार्य व्यवस्था जरूरी
समिति सदस्यों ने चालकों के लिए नियमित रिफ्रेशर ट्रेनिंग, पर्याप्त अवकाश और बेहतर कार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि ड्राइवरों की कमी के कारण कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है, जबकि ठेकेदार बसों को अधिक से अधिक किलोमीटर चलाने पर जोर देते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
दौलतनगर में फिर डिवाइडर से टकराई बेस्ट बस
सोमवार रात करीब 11:20 बजे मुंबई के दौलतनगर बस स्टॉप के पास वैषाली नगर से बोरीवली पूर्व जा रही बेस्ट की रूट ए-462/34 बस अचानक सामने आए एक अज्ञात बाइक सवार को बचाने के प्रयास में डिवाइडर से टकराकर फंस गई। टोइंग वैन की मदद से बस को हटाया गया। इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ और फिलहाल पुलिस में मामला दर्ज नहीं किया गया।

