मध्य प्रदेश पुलिस में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी, 8,500 कांस्टेबल पद शामिल; जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन

Thecity news
3 Min Read

मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में 9,662 रिक्त पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। भर्ती प्रक्रिया मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के माध्यम से होगी और जल्द ही विस्तृत नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।

भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इनमें सबसे अधिक 8,500 पद आरक्षक (कांस्टेबल) के हैं। भर्ती प्रक्रिया मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के माध्यम से आयोजित की जाएगी। जल्द ही विस्तृत अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है, जिसमें आवेदन तिथि, पात्रता, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाएगी।

9,662 पदों पर होगी भर्ती

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद गृह विभाग ने विभिन्न श्रेणियों के पदों पर भर्ती के लिए मंजूरी जारी की है। स्वीकृत पदों में शामिल हैं—

  • आरक्षक (जीडी) – 7,500 पद
  • आरक्षक (ड्राइवर) – 1,000 पद
  • सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) – 520 पद
  • उपनिरीक्षक (जिला पुलिस) – 312 पद
  • अराजपत्रित सूबेदार (शीघ्र लेखक) – 135 पद
  • अराजपत्रित सूबेदार – 81 पद
  • उपनिरीक्षक (विशेष शाखा) – 69 पद
  • क्यूडी, अंगुल चिन्ह, आयुध और फोटो शाखा के विभिन्न पद

सरकार का कहना है कि पुलिस विभाग में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

ESB जल्द जारी करेगा नोटिफिकेशन

इन सभी पदों के लिए मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) जल्द ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेगा। अधिसूचना में आवेदन प्रक्रिया, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण नियम, परीक्षा पैटर्न, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), दस्तावेज सत्यापन और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां दी जाएंगी।

सरकार ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचना पर भरोसा करें और भर्ती परीक्षा की तैयारी जारी रखें।

18 हजार पद भरने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य पुलिस विभाग में कुल 18,000 रिक्त पदों को भरना है। वर्तमान में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है, जबकि शेष पदों के लिए भी जल्द स्वीकृति जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध होने से कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा मध्य प्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बलों में शामिल करने के लक्ष्य को गति मिलेगी।

Share This Article