JEE Main 2026 स्कोर के आधार पर दो विशेष राउंड में होगा सीट आवंटन, 5 अगस्त तक आवेदन का मौका
JoSAA काउंसलिंग 2026 के सभी राउंड पूरे होने के बाद अब देश के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) और अन्य सरकारी इंजीनियरिंग संस्थानों में बची हुई बीटेक सीटों को भरने के लिए CSAB (Central Seat Allocation Board) स्पेशल काउंसलिंग शुरू होने जा रही है। इस प्रक्रिया के तहत JEE Main 2026 स्कोर के आधार पर अभ्यर्थियों को दो विशेष राउंड में सीट आवंटित की जाएगी। रजिस्ट्रेशन 28 जुलाई से शुरू होंगे और उम्मीदवार 5 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। जिन छात्रों को JoSAA काउंसलिंग में मनचाही सीट नहीं मिली या कोई सीट आवंटित नहीं हुई, उनके लिए यह अंतिम बड़ा अवसर माना जा रहा है।
28 जुलाई से शुरू होगी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
CSAB स्पेशल काउंसलिंग के माध्यम से 31 NIT, 26 IIIT, IIEST, 3 SPA और 50 से अधिक GFTI संस्थानों की खाली सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। एडमिशन पूरी तरह JEE Main 2026 के स्कोर के आधार पर होगा। रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया 28 जुलाई से शुरू होकर 5 अगस्त तक चलेगी। 31 जुलाई को पहला मॉक सीट अलॉटमेंट जारी किया जाएगा, जबकि पहले राउंड का रिजल्ट 6 अगस्त को घोषित होगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को दस्तावेज अपलोड, ऑनलाइन रिपोर्टिंग और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। दूसरे राउंड का रिजल्ट 12 अगस्त को जारी किया जाएगा।
हजारों खाली सीटों पर मिलेगा प्रवेश का मौका
हर वर्ष JoSAA काउंसलिंग के बाद करीब 13 से 14 हजार सीटें खाली रह जाती हैं। इनमें कई प्रतिष्ठित NIT, IIIT और GFTI संस्थानों की सीटें शामिल होती हैं। ऐसे में CSAB स्पेशल काउंसलिंग उन छात्रों के लिए सुनहरा अवसर है, जो कम रैंक की वजह से पसंदीदा कॉलेज या ब्रांच हासिल नहीं कर सके। विशेषज्ञों के अनुसार, CSAB में कई बार JoSAA की तुलना में कम कटऑफ रैंक पर भी सीट मिलने की संभावना रहती है।
कौन कर सकता है आवेदन?
CSAB स्पेशल काउंसलिंग में वे सभी अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने JEE Main 2026 उत्तीर्ण किया है और निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करते हैं। इसमें JoSAA में सीट नहीं पाने वाले, सीट छोड़ने वाले, रजिस्ट्रेशन नहीं करने वाले या बेहतर विकल्प की तलाश कर रहे छात्र शामिल हैं। प्रवेश के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के 12वीं में कम से कम 75 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है, जबकि SC, ST और दिव्यांग वर्ग के लिए न्यूनतम 65 प्रतिशत अंक या संबंधित बोर्ड के टॉप 20 पर्सेंटाइल में स्थान होना अनिवार्य है।
नया रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग होगी अनिवार्य
CSAB स्पेशल काउंसलिंग में JoSAA का रजिस्ट्रेशन मान्य नहीं होगा। सभी उम्मीदवारों को नया रजिस्ट्रेशन करना होगा और अपनी पसंद के कॉलेज व ब्रांच की चॉइस दोबारा भरनी होगी। एक बार चॉइस लॉक होने के बाद उसमें बदलाव की अनुमति नहीं होगी। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सभी विकल्पों का सावधानीपूर्वक चयन करें, ताकि बेहतर संस्थान और पसंदीदा शाखा मिलने की संभावना बढ़ सके।

