19 साल बाद फिर लौटा ‘आवारापन’ का जादू, इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ पर मोहित सूरी का इमोशनल पोस्ट

Thecity news
3 Min Read

‘आवारापन 2’ के ट्रेलर को देखकर मोहित सूरी ने पुरानी यादें ताजा कीं। उन्होंने फिल्म को अपने लिए बिछड़े प्यार और पुराने दोस्त जैसा बताया और इमरान हाशमी को अपना ‘हीरो’ कहते हुए उनकी जमकर तारीफ की।

लंबे समय बाद अभिनेता इमरान हाशमी बड़े पर्दे पर ‘आवारापन 2’ के साथ वापसी करने जा रहे हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के साथ-साथ फिल्म निर्माता मोहित सूरी भी काफी उत्साहित हैं। मोहित सूरी ने फिल्म का ट्रेलर साझा करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखा और बताया कि ‘आवारापन 2’ उनके लिए इतनी खास क्यों है।

मोहित सूरी ने ‘आवारापन 2’ के ट्रेलर को अपने इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा कि इसे देखकर उनकी कई पुरानी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने फिल्म को लंबे समय से बिछड़े प्यार और पुराने दोस्त जैसा बताया, जिसकी कमी वर्षों बाद भी महसूस होती है। मोहित ने कहा कि 19 साल बाद भी ‘आवारापन’ उनके दिल के बेहद करीब है।

इमरान हाशमी को बताया अपना हीरो

मोहित सूरी ने इमरान हाशमी की तारीफ करते हुए उन्हें अपना भाई और हमेशा रहने वाला हीरो बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि इमरान ने इस फिल्म में भी अपना सब कुछ झोंक दिया है, ठीक उसी तरह जैसे करीब 18 साल पहले उन्होंने मोहित के लिए किया था।

मोहित ने फिल्म के निर्देशक नितिन कक्कड़ का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि नितिन ने उनके दिल के बेहद करीब रही कहानी को प्यार, खूबसूरती और संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ाया है।

उन्होंने फिल्म की अभिनेत्री दिशा पटानी की भी तारीफ की और कहा कि उन्हें दिशा पर हमेशा की तरह गर्व है। इसके साथ ही मोहित ने अपने छोटे भाई विशेष को फिल्म की जिम्मेदारी सौंपने का जिक्र करते हुए कहा कि वह अब बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि दर्शक उनके काम को देखें।

14 अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के साथ दिशा पटानी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। पिछली फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी ने किया था, जबकि इसके सीक्वल का निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं।

फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इमरान हाशमी और ‘आवारापन’ के प्रशंसकों के बीच फिल्म को लेकर पहले से ही काफी उत्साह है।

Share This Article