YouTube आज सिर्फ वीडियो देखने का प्लेटफॉर्म नहीं है, बल्कि लाखों लोगों के लिए कमाई का बड़ा जरिया भी बन चुका है। अगर आप नया YouTube चैनल शुरू करके कमाई की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है। प्लेटफॉर्म ने YouTube Partner Programme (YPP) से जुड़े नियमों में बदलाव का ऐलान किया है। नए क्रिएटर्स के लिए ऐड और YouTube Premium से कमाई का रास्ता पहले के मुकाबले कठिन होने वाला है।
नए क्रिएटर्स को पूरे करने होंगे ज्यादा वॉच ऑवर्स
नए नियमों के मुताबिक, 1 फरवरी 2027 से नए क्रिएटर्स को YPP के जरिए ऐड और YouTube Premium से कमाई शुरू करने के लिए पहले से ज्यादा मेहनत करनी होगी। चैनल को पिछले 12 महीनों में 8,000 वॉच ऑवर्स पूरे करने होंगे।
वहीं Shorts पर फोकस करने वाले क्रिएटर्स के लिए पिछले 3 महीनों में 2 करोड़ Shorts Views की जरूरत होगी। यानी पुराने 4,000 वॉच ऑवर्स के मुकाबले नए क्रिएटर्स के लिए यह लक्ष्य दोगुना हो जाएगा। हालांकि, यह बदलाव मौजूदा YPP क्रिएटर्स पर लागू नहीं होगा।
Shorts Creators के लिए भी बढ़ी चुनौती
Shorts से कमाई करने वाले क्रिएटर्स के लिए भी नियमों में बदलाव किया जा रहा है। 1 फरवरी 2027 से अगर कोई क्रिएटर Shorts के जरिए ऐड और सब्सक्रिप्शन रेवेन्यू शेयरिंग जारी रखना चाहता है तो उसे हर 90 दिनों में 1 करोड़ Shorts Views का लक्ष्य पूरा करना होगा।
अगर कोई क्रिएटर निर्धारित आंकड़े तक नहीं पहुंच पाता है तो वह तुरंत YouTube Partner Programme से बाहर नहीं होगा। हालांकि, जरूरी व्यूज पूरे होने तक संबंधित कमाई रुक सकती है।
कम व्यूज वालों के लिए भी खुलेंगे कमाई के रास्ते
YouTube ने छोटे क्रिएटर्स के लिए कुछ दूसरे कमाई विकल्पों की भी बात कही है। इनमें YouTube Shopping से जुड़े बोनस, ब्रांड डील्स के लिए इंसेंटिव और ट्रेंड शुरू करने या उन्हें आगे बढ़ाने वाले क्रिएटर्स के लिए अतिरिक्त कमाई के अवसर शामिल हो सकते हैं।
इस बदलाव से साफ है कि आने वाले समय में सिर्फ वायरल वीडियो बनाना काफी नहीं होगा। नए क्रिएटर्स को लगातार ओरिजिनल कंटेंट, मजबूत ऑडियंस एंगेजमेंट और नियमित प्रदर्शन पर ध्यान देना होगा।
Creator Economy में YouTube के साथ दूसरे प्लेटफॉर्म भी अपनी मोनेटाइजेशन पॉलिसी में बदलाव कर रहे हैं। इससे कंटेंट क्रिएटर्स के बीच प्रतिस्पर्धा और बढ़ सकती है।

