यूपी में तीसरी अग्निवीर भर्ती रैली का शेड्यूल जारी, 6 जिलों में होगी भर्ती

Thecity news
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के उन युवाओं के लिए बड़ी खबर है, जो भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। यूपी में तीसरी अग्निवीर भर्ती रैली का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके तहत प्रदेश के 6 जिलों में भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसकी शुरुआत 17 अगस्त 2026 को मेरठ से होगी, जबकि अंतिम भर्ती रैली 29 मार्च 2027 से अयोध्या में आयोजित की जाएगी।

भर्ती रैली में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

भर्ती में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी होंगे शामिल

अग्निवीर भर्ती में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक में भर्ती की तैयारियों की समीक्षा की गई।

सभी जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। भर्ती स्थलों पर अभ्यर्थियों के आवागमन, ठहरने, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

भर्ती स्थल पर पर्याप्त चिकित्सकीय और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और यातायात के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।

कहां और कब होगी अग्निवीर भर्ती रैली?

भर्ती स्थलभर्ती रैली की तारीख
मेरठ17 अगस्त से 9 सितंबर 2026
बरेली14 सितंबर से 30 सितंबर 2026
लखनऊ11 जनवरी से 28 जनवरी 2027
वाराणसी2 फरवरी से 27 फरवरी 2027
आगरा4 मार्च से 24 मार्च 2027
अयोध्या29 मार्च से 14 अप्रैल 2027

इन दस्तावेजों के साथ करें रिपोर्ट

अभ्यर्थियों को भर्ती रैली स्थल पर जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा। इनमें शामिल हैं:

  • 10वीं और 12वीं की मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र
  • मूल निवास प्रमाणपत्र
  • जाति प्रमाणपत्र
  • दस्तावेजों की 2 स्वप्रमाणित फोटोकॉपी
  • 10 रुपये के स्टांप पेपर पर शपथपत्र
  • प्रवेश पत्र
  • पारदर्शी फोल्डर

ये 9 दस्तावेज भी जरूरी

भारतीय सेना के महानिदेशालय, भर्ती की ओर से अग्निवीर भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए कई अन्य उपयोगी दस्तावेजों की जानकारी दी गई है। इनमें शामिल हैं:

  1. स्कूल चरित्र प्रमाणपत्र
  2. चरित्र प्रमाणपत्र
  3. अविवाहित प्रमाणपत्र
  4. पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र
  5. निवास प्रमाण
  6. एनसीसी प्रमाणपत्र ए, बी या सी, यदि उपलब्ध हो
  7. खेल प्रमाणपत्र, यदि उपलब्ध हो
  8. संबंध प्रमाणपत्र, यदि संबंध भर्ती के तहत आवेदन किया है
  9. 10 रुपये के स्टांप पेपर पर शपथपत्र

अभ्यर्थियों को सलाह है कि भर्ती रैली में जाने से पहले सभी मूल दस्तावेजों और उनकी आवश्यक फोटोकॉपी को तैयार रखें, ताकि दस्तावेज सत्यापन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

Share This Article