CAT 2026 के लिए आवेदन शुरू हो चुके हैं और परीक्षा 29 नवंबर को होगी, लेकिन IIM में दाखिले के लिए अब सिर्फ CAT स्कोर पर निर्भर रहना काफी नहीं है
कॉमन एडमिशन टेस्ट यानी CAT 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। इस साल CAT 2026 का आयोजन आईआईएम इंदौर कर रहा है। परीक्षा 29 नवंबर 2026 को देशभर के अलग-अलग केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
CAT स्कोर के जरिए देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रबंधन संस्थानों यानी आईआईएम और अन्य प्रमुख बिजनेस स्कूलों में एमबीए में दाखिले का रास्ता खुलता है। हालांकि, आईआईएम में एडमिशन के लिए केवल CAT में अच्छा स्कोर करना पर्याप्त नहीं है। कई आईआईएम ने उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट और फाइनल सेलेक्शन करने के अपने नियमों में बदलाव किया है।
आइए जानते हैं आईआईएम एडमिशन से जुड़े 5 बड़े बदलाव।
1. अब सभी IIM के लिए कॉमन एडमिशन प्रोसेस नहीं
आईआईएम में दाखिले के लिए कॉमन एडमिशन प्रोसेस यानी सीएपी अब सभी आईआईएम के लिए समान नहीं है। आईआईएम बोधगया, आईआईएम जम्मू और आईआईएम सिरमौर ने सीएपी 2026 में हिस्सा लिया है।
वहीं कुछ अन्य आईआईएम ने अपनी अलग चयन प्रक्रिया अपनाई है। उदाहरण के लिए आईआईएम उदयपुर ने अपना अलग सिलेक्शन प्रोसेस तैयार किया है, जिसमें CAT प्रदर्शन के साथ लिखित परीक्षा और व्यक्तिगत साक्षात्कार भी शामिल हैं।
2. चार IIM ने शुरू किया ज्वाइंट एडमिशन प्रोसेस
आईआईएम काशीपुर, आईआईएम रायपुर, आईआईएम रांची और आईआईएम तिरुचिरापल्ली ने एडमिशन के लिए ज्वाइंट एडमिशन प्रोसेस यानी जेएपी अपनाया है।
हालांकि, इन संस्थानों के लिए अंतिम मेरिट लिस्ट और चयन के मानदंड अलग-अलग हो सकते हैं। यानी उम्मीदवारों को प्रत्येक संस्थान के अलग-अलग चयन नियमों पर भी ध्यान देना होगा।
3. IIM इंदौर ने बदला एडमिशन फॉर्मूला
आईआईएम इंदौर ने शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए अपने एडमिशन क्राइटेरिया में बदलाव किया है। संस्थान ने एमबीए में दाखिले के लिए CAT स्कोर को पहले की तुलना में अधिक महत्व दिया है।
इसके साथ ही वर्क एक्सपीरियंस को भी चयन प्रक्रिया में शामिल किया गया है, जबकि 10वीं कक्षा के अंकों के वेटेज को कम किया गया है।
4. सिर्फ CAT स्कोर से नहीं होगा एडमिशन
उम्मीदवारों को यह समझना जरूरी है कि CAT में बेहतर स्कोर मिलने के बाद भी आईआईएम में एडमिशन की गारंटी नहीं होती। संस्थान उम्मीदवार की एकेडमिक परफॉर्मेंस, सेक्शनल स्कोर, वर्क एक्सपीरियंस और अन्य निर्धारित मानकों को भी ध्यान में रखते हैं।
इसलिए CAT की तैयारी के साथ उम्मीदवारों को अपने ओवरऑल प्रोफाइल पर भी ध्यान देना चाहिए।
5. हर IIM का चयन मानदंड अलग हो सकता है
आईआईएम की एडमिशन प्रक्रिया एक जैसी नहीं है। अलग-अलग संस्थान अपने हिसाब से CAT स्कोर, अकादमिक रिकॉर्ड, कार्य अनुभव, लिखित परीक्षा और व्यक्तिगत साक्षात्कार को महत्व दे सकते हैं।
इसके अलावा चयन के नियम हर एडमिशन सत्र में बदले भी जा सकते हैं। इसलिए CAT 2026 के उम्मीदवारों को जिस आईआईएम में दाखिला लेना है, उसके आधिकारिक एडमिशन क्राइटेरिया को जरूर देखना चाहिए।
CAT 2026 की अहम तारीखें
- आवेदन शुरू: 3 अगस्त 2026
- परीक्षा: 29 नवंबर 2026
- आयोजक संस्थान: आईआईएम इंदौर
- उपयोग: आईआईएम और अन्य प्रमुख बिजनेस स्कूलों में एमबीए/पीजीपी दाखिला

