सनराइजर्स की काव्या मारन को एक ही दिन मिली खुशी और गम, महिला टीम फाइनल में पहुंची, पुरुष टीम बाहर

Thecity news
3 Min Read

द हंड्रेड में सनराइजर्स फ्रेंचाइजी की मालकिन काव्या मारन के लिए 14 अगस्त का दिन डबल इमोशन वाला रहा। इस दिन उन्हें खुशी और गम दोनों मिले और ऐसा क्रिकेट के मैदान पर मची हलचल की वजह से हुआ। 14 अगस्त को द हंड्रेड में सनराइजर्स लीड्स की पुरुष और महिला टीम अपना-अपना एलिमिनेटर मुकाबला खेलने उतरीं। हालांकि, जीतकर फाइनल में जाने का टिकट सिर्फ महिला टीम ही हासिल कर सकी। सनराइजर्स लीड्स पुरुष टीम एलिमिनेटर मुकाबला हारकर फाइनल की रेस से बाहर हो गई।

सनराइजर्स लीड्स महिला टीम ने कटाया फाइनल का टिकट

सनराइजर्स लीड्स महिला टीम ने 14 अगस्त को खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में साउदर्न ब्रेव को 5 विकेट से हराया। साउदर्न ब्रेव महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंदों में 7 विकेट खोकर 114 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज और ओपनर लिजेले ली ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए।

सनराइजर्स लीड्स की ओर से अनाबेल सदरलैंड और हना बेकर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 15 गेंदों में 24 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

दीप्ति शर्मा ने सनराइजर्स लीड्स महिला टीम के रन चेज में भी अहम भूमिका निभाई और टीम को जीत दिलाकर ही दम लिया। 115 रन के लक्ष्य को सनराइजर्स लीड्स महिला टीम ने 11 गेंद पहले ही हासिल कर लिया। टीम ने 89 गेंदों में 5 विकेट पर 116 रन बनाए, जिसमें दीप्ति शर्मा 28 रन बनाकर नाबाद रहीं।

एलिमिनेटर जीतने के साथ ही सनराइजर्स लीड्स महिला टीम फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही।

सनराइजर्स लीड्स पुरुष टीम की एलिमिनेटर में हार

सनराइजर्स लीड्स पुरुष टीम का सफर एलिमिनेटर में ही थम गया। मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंदों में 4 विकेट पर 186 रन बनाए। इसमें पॉल वॉल्टर के 80 रन और हेनरिक क्लासन के 63 रन की बड़ी भूमिका रही।

187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स लीड्स पुरुष टीम 100 गेंदों में 7 विकेट पर 166 रन ही बना सकी। इस तरह उसे एलिमिनेटर मुकाबले में 20 रन से हार का सामना करना पड़ा और टीम फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई।

16 अगस्त को खेला जाएगा फाइनल

द हंड्रेड के पुरुष और महिला वर्ग का फाइनल 16 अगस्त को लॉर्ड्स में खेला जाएगा। महिला फाइनल में सनराइजर्स लीड्स के सामने ट्रेंट रॉकेट्स की चुनौती होगी, जो अपने पहले खिताब की तलाश में है।

Share This Article