सोमवार को कम हुई कमाई, लेकिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 91 करोड़ रुपये का कलेक्शन; दुनियाभर में 130.82 करोड़ रुपये कमा चुकी फिल्म
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। शुरुआती वीकेंड में शानदार कमाई करने के बाद सोमवार को फिल्म के पहले मंडे टेस्ट में कलेक्शन में गिरावट देखने को मिली। इसके बावजूद फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है।
शुरुआती 3 दिनों में हुआ धमाकेदार कारोबार
रिलीज के पहले दिन से ही दर्शकों ने इस एक्शन थ्रिलर फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया दी। फिल्म ने पहले दिन 22 करोड़ रुपये की ओपनिंग की। इसके बाद शनिवार को कमाई में जबरदस्त उछाल आया और फिल्म ने 33.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
तीसरे दिन रविवार को भी सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली। फिल्म ने इस दिन 26 करोड़ रुपये की कमाई की। शुरुआती तीन दिनों के शानदार प्रदर्शन के दम पर फिल्म दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पहले ही पार कर चुकी थी।
सोमवार को कमाई में आई गिरावट
वर्किंग डे होने के कारण सोमवार को फिल्म की कमाई में गिरावट दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, चौथे दिन यानी सोमवार को ‘आवारापन 2’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 9.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।
रविवार के मुकाबले सोमवार की कमाई में 16.75 करोड़ रुपये की गिरावट आई। इस दौरान फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 22 प्रतिशत रही और देशभर में इसके 10,849 शो चलाए गए।
100 करोड़ के क्लब से महज 9 करोड़ दूर
सोमवार की कमाई को मिलाकर ‘आवारापन 2’ का भारत में कुल नेट कलेक्शन 91 करोड़ रुपये हो गया है। यानी घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने के लिए फिल्म को अब सिर्फ 9 करोड़ रुपये और कमाने हैं।
वहीं, दुनियाभर की कमाई की बात करें तो फिल्म अब तक 130.82 करोड़ रुपये का ग्लोबल कलेक्शन कर चुकी है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ‘आवारापन 2’ इमरान हाशमी के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई है।

