भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत हुई। घरेलू शेयर बाजार खुलते ही दोनों प्रमुख सूचकांक लाल निशान में आ गए। एशियाई बाजारों में कमजोरी और अमेरिकी बाजार के प्रमुख टेक शेयरों में गिरावट का असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया। गिफ्ट निफ्टी के रुझान ने भी मंगलवार सुबह बाजार की कमजोर शुरुआत के संकेत दे दिए थे।
सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ खुले
शुरुआती कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 73 अंक की गिरावट के साथ 77,295 के स्तर पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी करीब 43 अंक टूटकर 24,175 के स्तर पर खुला।
इससे पहले सोमवार को भी घरेलू बाजार में बिकवाली का दबाव देखने को मिला था। निफ्टी करीब 32 अंक की गिरावट के साथ 24,219 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, सेंसेक्स 171 अंक टूटकर 77,369 के स्तर पर बंद हुआ था।
अमेरिकी टेक शेयरों में गिरावट का असर
अमेरिकी बाजार में सोमवार को प्रमुख टेक शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। एसएंडपी 500 इंडेक्स 0।28 प्रतिशत और नैस्डैक करीब 0।76 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसका असर मंगलवार को एशियाई बाजारों पर भी दिखाई दिया और कई प्रमुख बाजार कमजोर रहे।
सेंसेक्स के लिए 76,800-76,970 अहम सपोर्ट
चॉइस ब्रोकिंग के सचिन गुप्ता के अनुसार, सेंसेक्स के लिए तत्काल सपोर्ट रेंज 76,800 से 76,970 के बीच है। वहीं, 77,800 से 78,000 का स्तर इसके लिए प्रमुख रेजिस्टेंस क्षेत्र माना जा रहा है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के नागराज शेट्टी के मुताबिक, निफ्टी के लिए 24,100 से 24,000 का स्तर तत्काल मजबूत सपोर्ट क्षेत्र है।
फेड चेयर का भाषण और महंगाई के आंकड़ों पर नजर
इस सप्ताह अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयर केविन वार्श का जैक्सन होल में होने वाला संबोधन और पीसीई महंगाई के आंकड़े शेयर बाजार के लिए अहम रहेंगे। निवेशकों की नजर इन घटनाक्रमों पर रहेगी, क्योंकि इनके संकेत से वैश्विक बाजारों की दिशा प्रभावित हो सकती है।

