भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के बीच ऋषभ पंत की चोट ने टीम इंडिया की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल को उम्मीद है कि पंत चौथे दिन तक फिट होकर विकेटकीपिंग के लिए मैदान पर लौट सकते हैं। पंत को मैच के पहले दिन बल्लेबाजी करते समय बाईं कलाई में चोट लगी थी, जिसके बाद वह 3 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। हालांकि, उन्होंने अगले दिन दोबारा बल्लेबाजी करते हुए शानदार 63 रन बनाए।
इसके बाद विकेटकीपिंग के दौरान पंत के दाहिने कंधे में दर्द हुआ, जिसके चलते ध्रुव जुरेल ने विकेट के पीछे जिम्मेदारी संभाली। अब टीम मैनेजमेंट की नजर पंत की फिटनेस पर है और चौथे दिन उनके मैदान पर लौटने की उम्मीद की जा रही है।
क्या बोले मोर्ने मोर्केल?
मोर्ने मोर्केल ने बताया कि ऋषभ पंत के कंधे में काफी चोट लगी है और उनकी मूवमेंट में भी परेशानी दिखाई दी। उन्होंने कहा कि टीम रातभर पंत की स्थिति पर नजर रखेगी और उम्मीद है कि वह चौथे दिन विकेटकीपिंग कर पाएंगे।
मोर्केल ने कहा, “उम्मीद है कि कल वो हमारे लिए विकेटकीपिंग करेंगे। उनका वहां होना जरूरी है। खेल को समझने की उनकी क्षमता बेहतरीन है।”
श्रीलंका पर मंडरा रहा फॉलोऑन का खतरा
मैच में भारतीय टीम ने पहली पारी में 503/9 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम फॉलोऑन टालने से अभी 39 रन दूर है और उसके सिर्फ दो विकेट बाकी हैं। भारत की पहली प्राथमिकता चौथे दिन इन दोनों विकेटों को जल्द हासिल करने की होगी।
इसके बाद भारतीय टीम के सामने बड़ा सवाल होगा कि श्रीलंका को फॉलोऑन दिया जाए या खुद दोबारा बल्लेबाजी की जाए। कोलंबो का मौसम इस फैसले को और अहम बना रहा है। मैच के शुरुआती तीन दिनों में बारिश के कारण कई बार खेल रोका गया है और चौथे दिन भी बारिश की संभावना है। ऐसे में भारत के पास मैच का नतीजा हासिल करने के लिए समय कम हो सकता है।

