अल्फा वेव वेंचर्स II एलपी 630 रुपये प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस पर घटाएगी हिस्सेदारी, डील के बाद 45 दिन का लॉक-अप पीरियड
शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए लेंसकार्ट सॉल्यूशंस से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। देश की प्रमुख आईवियर रिटेल कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस में करीब 1,313 करोड़ रुपये की बड़ी ब्लॉक डील होने जा रही है। इस डील के तहत कंपनी के मौजूदा शेयरधारक अल्फा वेव वेंचर्स II एलपी अपनी हिस्सेदारी कम करने जा रही है। बाजार में तेजी के बीच विदेशी निवेशक मुनाफावसूली करते नजर आ रहे हैं।
1,313 करोड़ की महाडील का पूरा गणित
अल्फा वेव वेंचर्स II एलपी ब्लॉक डील के जरिए लेंसकार्ट में अपनी हिस्सेदारी बेचने जा रही है। जानकारी के मुताबिक, करीब 2.08 करोड़ शेयर बेचे जाएंगे, जो कंपनी की कुल हिस्सेदारी का लगभग 1.2 प्रतिशत है। इस डील के लिए 630 रुपये प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया गया है।
27 अगस्त के 642 रुपये के क्लोजिंग भाव से तुलना करें तो फ्लोर प्राइस करीब 1.7 प्रतिशत कम है। इस कीमत पर 2.08 करोड़ शेयरों की बिक्री से करीब 1,313 करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन होगा। इस डील को पूरा करने की जिम्मेदारी कोटक सिक्योरिटीज और स्पार्क इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज को मिली है।
पैसा कंपनी के खाते में क्यों नहीं जाएगा?
कई बार निवेशकों को लगता है कि शेयरों की बिक्री से कंपनी को फंड मिलता है। लेकिन इस ब्लॉक डील में ऐसा नहीं होगा। यह पूरी तरह से सेकेंडरी शेयर सेल है। इसका मतलब है कि लेंसकार्ट कोई नए शेयर जारी नहीं कर रही है, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपने पहले से रखे शेयर बेच रहा है।
यही वजह है कि डील से मिलने वाली करीब 1,313 करोड़ रुपये की रकम सीधे शेयर बेचने वाले निवेशक के खाते में जाएगी, न कि लेंसकार्ट के खाते में। यह डील भारतीय स्टॉक एक्सचेंजों पर ऑन-स्क्रीन ट्रांजैक्शन के जरिए पूरी की जाएगी। इसके अलावा, सेलर पर डील के बाद 45 दिन का लॉक-अप पीरियड भी लागू रहेगा।
शेयर बेचने वाली कंपनी का बैकग्राउंड
लेंसकार्ट के शेयर बेचने वाली अल्फा वेव वेंचर्स II एलपी केमैन आइलैंड्स का एक प्राइवेट ग्रोथ वेंचर फंड है। इसकी शुरुआत सितंबर 2021 में हुई थी। फिलहाल इसे काइमेरा के साथ मिलकर अल्फा वेव ग्लोबल मैनेज करता है।
यह फंड मुख्य रूप से ग्रोथ स्टेज वाली कंपनियों में निवेश करता है। इसका फोकस फिनटेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लाइफ साइंसेज और कंज्यूमर इंटरनेट जैसे सेक्टर्स पर रहता है।
लेंसकार्ट के शेयर का हाल
लेंसकार्ट के शेयरों ने हाल के दिनों में निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है। गुरुवार को कंपनी का शेयर 0.80 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 642 रुपये पर बंद हुआ था। हालांकि, पिछले एक महीने में इसके शेयर में 12.25 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है।
वहीं, पिछले एक साल में लेंसकार्ट के शेयर ने 59.19 प्रतिशत का बंपर रिटर्न दिया है। मौजूदा समय में कंपनी का कुल मार्केट कैप करीब 1.12 लाख करोड़ रुपये है।

