ग्रामीण डाक सेवक भर्ती 2026 के जुलाई सेशन का नोटिफिकेशन जारी, 10वीं पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन; मेरिट के आधार पर होगा चयन
इंडिया पोस्ट में करियर बनाने की तैयारी कर रहे देशभर के उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। इंडिया पोस्ट ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों का इंतजार खत्म हो गया है। इंडिया पोस्ट GDS भर्ती 2026 के जुलाई सेशन के लिए 31 अगस्त से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी। रजिस्ट्रेशन और आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। उम्मीदवार निर्धारित तारीखों के भीतर आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकेंगे।
ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
इंडिया पोस्ट GDS भर्ती 2026 के जुलाई सेशन के लिए 31 अगस्त से वन टाइम रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीदवार 19 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। वहीं, आवेदन प्रक्रिया 2 सितंबर से शुरू होगी और 21 सितंबर तक आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन में सुधार के लिए करेक्शन विंडो 23 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक खुली रहेगी।
रजिस्ट्रेशन और आवेदन इंडिया पोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है। उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ लें और सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें।
ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले इंडिया पोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होम पेज पर उपलब्ध India Post GDS भर्ती 2026 रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें।
- नया वेब पेज खुलने पर उम्मीदवार अपना रजिस्ट्रेशन करें।
- रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद आवेदन फॉर्म भरें।
- निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट करें।
- कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
10वीं पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
इंडिया पोस्ट GDS भर्ती 2026 के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार के पास 10वीं कक्षा में गणित और अंग्रेजी विषय होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवार ने संबंधित स्थानीय भाषा की पढ़ाई भी की होनी चाहिए। उम्मीदवारों की आयु 18 वर्ष से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
कैसे होगा सिलेक्शन?
इंडिया पोस्ट GDS भर्ती 2026 में उम्मीदवारों का चयन सिस्टम-जनरेटेड मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा। यह मेरिट लिस्ट मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होगी। यानी उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा में शामिल नहीं होना होगा।
GDS पद के लिए चयनित उम्मीदवारों के दस्तावेजों का वेरिफिकेशन विभाग की ओर से किया जाएगा। दस्तावेजों की जांच API सेतु, डिजीलॉकर या संबंधित एजुकेशनल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी की जा सकती है।

