नेपाल बाढ़ में शर्मनाक हरकत, महिला के शव से सोने की बालियां चुराईं; वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार

Thecity news
2 Min Read

नेपाल में भीषण बाढ़ के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। वायरल 41 सेकंड के वीडियो में कुछ लोग बाढ़ में मारी गई एक महिला के शव से सोने की बालियां निकालते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद नेपाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

शव को खींचकर ले गए, फिर निकाल लीं बालियां

वीडियो में दो लोग लकड़ी के तख्तों और महिला के बालों की मदद से शव को खींचकर ले जाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद दोनों उसके कानों से सोने की बालियां निकालकर अलग रख देते हैं। आसपास कई लोग मौजूद थे, जिनमें कुछ इस पूरी घटना को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते भी दिखाई दिए।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने घटना की कड़ी निंदा की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद नेपाल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी और वीडियो का एक हिस्सा भी साझा किया।

भीषण बाढ़ के बीच शर्मनाक घटना

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब नेपाल और तिब्बत में आई भीषण बाढ़ और फ्लैश फ्लड ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। सड़कों और पुलों के बह जाने के कारण कई इलाकों में राहत और बचाव अभियान प्रभावित हुआ है। बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं और कई भारतीय नागरिकों के भी फंसे होने की जानकारी सामने आई है।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में मलबे और कीचड़ के कारण बचाव दलों को पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच तेजी से भर रही एक नई झील को लेकर भी प्रशासन और विशेषज्ञों की चिंता बढ़ी हुई है। इससे आगे और तबाही का खतरा बना हुआ है।

Share This Article