हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की बुधवार शाम हत्या के बाद मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। नाला पटरी मार्ग पर जिम से बाहर निकलते ही चार बदमाशों ने अंकित पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाने की मांग की। हत्या की रात इंस्टाग्राम पर गोगी गैंग से जुड़े भोलू शाहपुरिया ने पोस्ट कर वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।
सिंगर भूपेंद्र ढींगरा ने हत्या करवाने का किया दावा
हत्या के अगले दिन गुरुवार को हरियाणवी सिंगर भूपेंद्र ढींगरा ने एक वीडियो जारी कर अंकित बालियान की हत्या करवाने का दावा किया। उसने कहा कि अंकित ने उसे गाली दी थी, इसलिए उसने उसकी हत्या करवाई। हालांकि, अंकित के पिता सत्यवीर फौजी का कहना है कि उनके बेटे की किसी गैंग से दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में उन्होंने किसी हरियाणवी सिंगर के हत्या में शामिल होने की आशंका जताई है।
इस बीच अंकित बालियान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अंकित को कुल 9 गोलियां लगी थीं। इनमें से 5 गोलियां शरीर के अंदर ही फंसी रहीं, जबकि 4 गोलियां शरीर के आर-पार निकल गईं। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार दोपहर पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद वारदात में शामिल बताए जा रहे दो शूटरों की तस्वीरें भी इंटरनेट पर वायरल हो गईं।
बदमाशों ने की थी 20 राउंड फायरिंग
बुधवार शाम करीब 6:45 बजे चार शूटरों ने कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी स्थित मसल्स श्री बालाजी जिम के बाहर अंकित बालियान पर हमला किया था। जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने उस पर करीब 20 राउंड फायरिंग की। अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार रात उनके पिता सत्यवीर फौजी ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हत्या से नाराज परिजनों ने रात 11:46 बजे तक वर्मा मार्केट चौराहे पर शव रखकर चक्का जाम किया था। पुलिस की ओर से चार दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजनों ने जाम खत्म किया और अंतिम संस्कार किया।
पोस्ट के जरिए गोगी गैंग से जुड़े शख्स ने ली जिम्मेदारी
अंकित की हत्या के बाद बुधवार रात करीब 2 बजे इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की गई। पोस्ट करने वाले व्यक्ति ने खुद को गोगी गैंग से जुड़ा भोलू शाहपुरिया बताया और हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि अंकित दुश्मनों का साथ देता था और उसने ‘गोगी भाई’ से जुड़ी घटना पर एक गाना भी बनाया था।
पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि अंकित ने आपराधिक गतिविधियों में दुश्मनों की मदद की थी, इसलिए उसे खत्म कर दिया गया। साथ ही दुश्मनों का साथ देने वालों को चेतावनी भी दी गई। जिस इंस्टाग्राम अकाउंट से यह पोस्ट की गई थी, उसे गुरुवार सुबह करीब 6 बजे के बाद डीएक्टिवेट कर दिया गया।
पुलिस अब हत्या की वजह, वायरल दावों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। भूपेंद्र ढींगरा के दावे और गोगी गैंग से जुड़े व्यक्ति की कथित जिम्मेदारी के बीच पुलिस के सामने हत्या की असली वजह और साजिश का पता लगाने की चुनौती है।

