अश्विन ने चुना भारत का सर्वकालिक महान क्रिकेटर, विराट-बुमराह में इस दिग्गज को दी तरजीह

Thecity news
4 Min Read

सचिन तेंदुलकर को बताया सबसे महान, फाइनल में कपिल देव को हराकर मास्टर ब्लास्टर को चुना; विराट कोहली के ऊपर जसप्रीत बुमराह का किया चयन

भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने सचिन तेंदुलकर को भारत का सर्वकालिक महान क्रिकेटर चुना है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो के एक मजेदार ब्रैकेट गेम में अश्विन को अलग-अलग दौर और फॉर्मेट के भारतीय दिग्गजों में से एक को चुनते हुए आगे बढ़ना था। इस दौरान उन्होंने कई चौंकाने वाले फैसले किए, जिनकी क्रिकेट फैन्स के बीच चर्चा हो रही है।

विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह में बुमराह को चुना

अश्विन के लिए सबसे मुश्किल और चौंकाने वाला फैसला क्वार्टर फाइनल में आया। उनके सामने विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह में से किसी एक को चुनने का विकल्प था। अश्विन ने माना कि विराट का तीनों फॉर्मेट में रिकॉर्ड शानदार है और उनका टेस्ट करियर भी बेहतरीन रहा है। इसके बावजूद उन्होंने जसप्रीत बुमराह को चुना।

अश्विन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि विराट पक्के लेजेंड हैं, लेकिन वह जसप्रीत बुमराह के साथ जाएंगे। उन्होंने यह भी माना कि शायद गेंदबाज होने के नाते उनके अंदर बुमराह के लिए थोड़ी तरफदारी आ गई है।

धोनी को चुना, लेकिन सहवाग के सामने नहीं टिके

जब अश्विन के सामने एमएस धोनी और रवींद्र जडेजा में से किसी एक को चुनने का विकल्प आया तो वह थोड़े उलझ गए। उन्होंने माना कि जडेजा को चुनना काफी लुभावना था, लेकिन धोनी की कप्तानी और टेस्ट तथा वनडे रिकॉर्ड को देखते हुए उन्होंने माही को आगे बढ़ाया।

हालांकि, धोनी का सफर अगले दौर में खत्म हो गया। क्वार्टर फाइनल में जब धोनी का मुकाबला वीरेंद्र सहवाग से हुआ तो अश्विन ने बिना ज्यादा झिझक सहवाग को चुना।

खुद को हटाकर सौरव गांगुली को चुना

ब्रैकेट गेम में एक दिलचस्प मुकाबला तब आया, जब अश्विन का नाम पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के साथ रखा गया। इस पर अश्विन ने खुद को मुकाबले से अलग करते हुए गांगुली को चुन लिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “हे भगवान! मैं सुरक्षित खेलते हुए सौरव गांगुली को चुनूंगा।”

शुरुआती दौर में भी अश्विन ने कई बड़े नामों के बीच मुश्किल फैसले लिए। उन्होंने विजय हजारे के ऊपर सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा के ऊपर विराट कोहली और अनिल कुंबले के ऊपर जसप्रीत बुमराह को चुना।

कपिल देव ने रोका बुमराह का सफर

सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद मुकाबला और भी कड़ा हो गया। पहले सेमीफाइनल में सचिन तेंदुलकर ने वीरेंद्र सहवाग को हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में कपिल देव ने जसप्रीत बुमराह को बाहर कर दिया।

अश्विन के मुताबिक कपिल देव की 1983 विश्व कप जीत और उनका शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन बुमराह के बेहतरीन करियर पर भारी पड़ा। इस तरह बुमराह का शानदार सफर सेमीफाइनल में खत्म हो गया और फाइनल में सचिन तेंदुलकर तथा कपिल देव आमने-सामने आए।

सचिन और कपिल में मास्टर ब्लास्टर को चुना

फाइनल में भारत के दो महान क्रिकेटरों सचिन तेंदुलकर और कपिल देव के बीच मुकाबला था। दोनों ने अपने-अपने दौर में भारतीय क्रिकेट की दिशा और दशा बदलने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, अंतिम फैसला लेते समय अश्विन के लिए यह चुनाव अपेक्षाकृत आसान रहा।

अश्विन ने कहा कि किसी न किसी मोड़ पर व्यक्तिगत पसंद भी मायने रखती है और वह सचिन तेंदुलकर के साथ जाएंगे। इस तरह उन्होंने सचिन को भारत का सर्वकालिक महान क्रिकेटर चुना।

Share This Article