वाराणसी एयर शो के लिए 11,900 जवान तैनात, 31 घाटों पर बनेंगे थाने

Thecity news
4 Min Read

20 अक्टूबर की प्रेस ब्रीफिंग में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका पेश किया। कार्यक्रम के लिए 32 जोन, 50 सेक्टर और 80 सब सेक्टर बनाए गए हैं।

वाराणसी। गंगा के ऊपर होने वाले एयर शो को लेकर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा और यातायात की तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए कुल 11,900 जवान तैनात रहेंगे। पूरे क्षेत्र को 32 जोन, 50 सेक्टर और 80 सब सेक्टर में बांटा गया है।

सुरक्षा व्यवस्था में 16 एसपी, 16 एडिशनल एसपी, 50 सीओ, 160 इंस्पेक्टर, 1,600 दरोगा, 5,000 सिपाही और 1,500 ट्रैफिक पुलिसकर्मी शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी की 17 कंपनियां, बाढ़ राहत पीएसी की तीन कंपनियां, आरएएफ की पांच कंपनियां, एनडीआरएफ की तीन टीमें, एसडीआरएफ की दो टीमें, एटीएस की तीन टीमें और 180 जल पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

31 घाटों पर सुरक्षा के लिए बनेंगे थाने

एयर शो के दौरान गंगा के दोनों किनारों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 31 घाटों को चिह्नित किया गया है। वाराणसी की ओर आदिकेशव घाट, राजघाट, प्रहलाद घाट, तेलियानाला घाट, त्रिलोचन घाट, सक्का घाट, गायघाट, हनुमान गढ़ी, ब्रह्मा घाट, पंचगंगा घाट, रामघाट, सिंधिया घाट, ललिता घाट, मीर घाट, दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट, शिवाला घाट, चेतसिंह घाट, अस्सी घाट, रविदास घाट और सामने घाट शामिल हैं।

रामनगर और चंदौली की ओर बहादुरपुर घाट, सत्तीघाट, अघोरेश्वर भगवान राम घाट, त्रिदंडी आश्रम घाट, डोमरी घाट, हनुमान मंदिर डोमरी घाट, सतुआ बाबा आश्रम घाट, कटेसर घाट, कोटेपुर घाट और बलुआ घाट पर भी सुरक्षा के लिए थाने बनाए जाएंगे।

नगर क्षेत्र में 48 जगहों पर पुलिस थाने

शहर के प्रमुख चौराहों, मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी 48 स्थानों पर थाने बनाए गए हैं। इनमें पड़ाव, चौकाघाट, लकड़मंडी, गोलगड्डा, भदऊचुंगी, लहुराबीर, मैदागिन, मच्छोदरी, बुलानाला, गोदौलिया, सोनारपुरा, अस्सी, दुर्गाकुंड, रथयात्रा, कमच्छा, आईपी विजया, महमूरगंज, आशापुर, सरायमोहना, संदहा, लहरतारा, मोहनसराय, मंडुवाडीह, टेंगरा मोड़, रामनगर चौक, कटेसर, सूजाबाद और डाफी टोल रिंग रोड समेत अन्य स्थान शामिल हैं।

तीन लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था

ब्लॉक बी में तथागत घाट, रामघाट और जयविनायक घाट पर तीन लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में तीन लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए यहां 100 घेराव बनाए गए हैं।

घाट तक पहुंचने के लिए दो मार्ग तय किए गए हैं। पहला मार्ग आशापुर ओवरब्रिज से सेंट जॉन्स स्कूल, तिलमापुर, रसूलपुर, खालिसपुर चौराहा और सरायमोहना होते हुए घाट तक जाएगा। दूसरा मार्ग बलुआ रोड से कोटवा चौराहा, कमौली तातेपुर और कोटवा खाकी कुटी होते हुए घाट तक पहुंचेगा।

वाहनों की पार्किंग के लिए तिलमापुर चौराहा, आशापुर हवेलिया रोड और पहड़िया मंडी में व्यवस्था की गई है।

भीड़ नियंत्रण के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया

एयर शो के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। रामनगर में दुर्गा मंदिर और लंका मैदान, काशी जोन में संपूर्णानंद विश्वविद्यालय और बीएचयू परिसर तथा वरुणा जोन में यूपी कॉलेज को इसके लिए चिह्नित किया गया है।

अस्पतालों तक पहुंचने के लिए ग्रीन कॉरिडोर

आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए नमो घाट और राजघाट से ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है। नमो घाट से गोलगड्डा, चौकाघाट और लहुराबीर होते हुए कबीर चौरा अस्पताल तक रास्ता तय किया गया है।

इसके अलावा चौकाघाट से पुलिस लाइन और दीनदयाल अस्पताल होते हुए इन्फिनिटी अस्पताल तक तथा चौकाघाट से कैंट, लहरतारा, भिखारीपुर और नरिया होते हुए बीएचयू तक ग्रीन कॉरिडोर रहेगा। पुलिस के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक तेजी से पहुंचाना है।

Share This Article