रामनगर में 86 मकानों पर चला बुलडोजर, 14 हेक्टेयर वन भूमि कराई गई कब्जा मुक्त

Thecity news
2 Min Read

कोसी नदी किनारे पूछड़ी बस्ती में तड़के भारी पुलिस बल के साथ पहुंची प्रशासनिक टीम, बुलडोजर और जेसीबी से पक्के निर्माण ध्वस्त किए।

उत्तराखंड के रामनगर में सरकारी वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए वन विभाग और जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। शुक्रवार तड़के भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर और जेसीबी के साथ पहुंची टीम ने 86 पक्के मकानों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई कोसी नदी किनारे स्थित पूछड़ी बस्ती में की गई।

जानकारी के मुताबिक, पूछड़ी बस्ती में वन विभाग की करीब 14 हेक्टेयर जमीन पर लंबे समय से अतिक्रमण था। आरोप है कि भू-माफिया ताहिर मुल्ला ने उत्तर प्रदेश से आए लोगों को वन भूमि बेचकर यहां बस्ती बसाई थी। इस बस्ती को तत्कालीन कांग्रेस शासन के दौरान राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोप भी लगाए गए हैं।

कार्रवाई से पहले जारी किए गए थे नोटिस

वन विभाग ने इस मामले में संबंधित भू-माफिया के खिलाफ विभागीय स्तर पर और पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। अतिक्रमण हटाने के अभियान से पहले प्रशासन ने सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की थीं। लोगों को नोटिस देने के साथ मुनादी कराकर भी कार्रवाई की जानकारी दी गई थी।

गुरुवार शाम को ही पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को अभियान की ब्रीफिंग दी गई थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई शुरू की गई।

कई लोगों ने खुद तोड़े मकान

भारी पुलिस बल की तैनाती और प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी को देखते हुए कई लोगों ने अपने मकान खुद ही तोड़ने शुरू कर दिए। इसके बाद वन विभाग ने बुलडोजर की मदद से शेष अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया और जमीन पर अपना कब्जा वापस स्थापित किया।

एसएसपी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। वहीं, आरोपी भू-माफिया ताहिर मुल्ला की तलाश की जा रही है।

Share This Article