लगातार तीन हार के बाद भारत की पहली जीत, आखिरी गेंद पर बांग्लादेश को दी शिकस्त

Thecity news
3 Min Read

हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस में टीम इंडिया ने पांच विकेट से दर्ज की रोमांचक जीत, शशांक सिंह की तूफानी फिफ्टी और क्रुणाल पांड्या की गेंदबाजी रही अहम।

हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट में लगातार तीन हार झेलने के बाद भारतीय टीम को आखिरकार पहली जीत मिल गई है। मिशन रोड ग्राउंड पर रविवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को आखिरी गेंद पर पांच विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया का हार का सिलसिला थम गया।

बांग्लादेश ने 6 ओवर में बनाए 116 रन

भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित छह ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 116 रन बनाए।

बांग्लादेश की ओर से कप्तान अबू हिदर रोनी ने सबसे विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने महज 18 गेंदों पर आठ छक्कों और तीन चौकों की मदद से नाबाद 62 रन बनाए।

उनके अलावा हबीबुर रहमान सोहन ने छह गेंदों पर 18 रन, सब्बीर रहमान ने चार गेंदों पर 13 रन और चौधरी मोहम्मद रिजवान ने पांच गेंदों पर 12 रन का योगदान दिया।

क्रुणाल की गेंदबाजी और शशांक की तूफानी फिफ्टी

भारत की ओर से कप्तान क्रुणाल पांड्या सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने दो ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। राहुल त्रिपाठी को एक विकेट मिला।

117 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शशांक सिंह ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने महज 15 गेंदों पर सात छक्कों और एक चौके की मदद से 50 रन बनाए। इसके बाद नियमों के मुताबिक वह रिटायर्ड हर्ट हो गए।

आखिरी गेंद पर भारत ने हासिल की जीत

शशांक सिंह के बाद राहुल त्रिपाठी ने 12 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 32 रन बनाए। अंत में नीतीश राणा ने चार गेंदों पर नाबाद 10 रन और राहुल तेवतिया ने पांच गेंदों पर नाबाद 16 रन बनाए।

इस तरह भारतीय टीम ने पारी की आखिरी गेंद पर पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

कप्तान क्रुणाल पांड्या को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

टूर्नामेंट में 11वें स्थान पर रहा भारत

ग्रुप-सी में शामिल भारतीय टीम को इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ चार विकेट, यूएई के खिलाफ छह विकेट और इंग्लैंड के खिलाफ तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

12 टीमों के इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश के खिलाफ जीत के बाद भारत 11वें स्थान पर रहा।

Share This Article