स्पोर्ट्स कोटा के तहत हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के पदों पर मौका, आवेदन की अंतिम तारीख 11 नवंबर 2026 रखी गई है।
खेलों में उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में सरकारी नौकरी पाने का मौका है। गृह मंत्रालय के तहत आने वाले सीआरपीएफ ने स्पोर्ट्स कोटा भर्ती 2026 के तहत कुल 521 पदों पर आवेदन मांगे हैं। इस भर्ती में पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के कितने पद?
सीआरपीएफ की इस भर्ती में कुल 521 पद शामिल हैं। इनमें 182 पद हेड कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) और 339 पद कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के लिए हैं।
भर्ती में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, शूटिंग, कुश्ती, वाटर स्पोर्ट्स, वेटलिफ्टिंग और योगासन सहित 22 खेलों के खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा।
आवेदन की जरूरी तारीखें
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 11 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन फॉर्म में गलती सुधारने के लिए 12 से 14 नवंबर 2026 तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
हेड कांस्टेबल (एचसी/जीडी) पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। वहीं, कांस्टेबल (सीटी/जीडी) पद के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
आवेदकों की उम्र 1 अगस्त 2026 को 18 से 23 साल के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। ओबीसी उम्मीदवारों को तीन साल और एससी-एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को पांच साल की छूट दी जाएगी।
किस तरह की खेल उपलब्धियां जरूरी?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों के पास 30 सितंबर 2024 से 30 सितंबर 2026 के बीच की वैध खेल उपलब्धियां होनी चाहिए।
हेड कांस्टेबल पद के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व, नेशनल गेम्स में पदक या इंटर-यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में निर्धारित उपलब्धि जरूरी है।
वहीं, कांस्टेबल पद के लिए राज्य स्तर या जूनियर नेशनल जैसी प्रतियोगिताओं में भागीदारी अथवा पदक जीतने की उपलब्धि मांगी गई है।
कैसे होगा चयन?
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच होगी। इसके बाद खेल उपलब्धियों के आधार पर अंक दिए जाएंगे और मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
इसके बाद शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) होगा। सामान्य पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 170 सेंटीमीटर और महिला उम्मीदवारों की 157 सेंटीमीटर होनी चाहिए।
शारीरिक मानक परीक्षण में सफल उम्मीदवारों को स्पोर्ट्स ट्रायल देना होगा। यह ट्रायल क्वालिफाइंग प्रकृति का होगा। इसके बाद उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। इसमें आंखों की रोशनी और कलर विजन सहित निर्धारित चिकित्सा मानकों की जांच होगी।
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित हेड कांस्टेबल को पे लेवल-4 के तहत 25,500 से 81,100 रुपये तक वेतन मिलेगा। वहीं, कांस्टेबल को पे लेवल-3 के तहत 21,700 से 69,100 रुपये तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा नियमानुसार महंगाई भत्ता और अन्य सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी।
आवेदन कैसे करें और कितनी है फीस?
इच्छुक उम्मीदवार सीआरपीएफ की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट rect.crpf.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं, महिला, एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए आवेदन निशुल्क है।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी फोटो, हस्ताक्षर और खेल उपलब्धियों से जुड़े प्रमाणपत्र अपलोड करने होंगे।

