यूजीसी नेट दिसंबर परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर कर दी गई है। करेक्शन विंडो 2 से 4 नवंबर तक खुलेगी।
यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और अब तक 8.78 लाख से अधिक उम्मीदवार रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के आंकड़ों के मुताबिक, इनमें से 6.92 लाख उम्मीदवार आवेदन शुल्क का भुगतान भी कर चुके हैं। परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
एनटीए के नए शेड्यूल के अनुसार, आवेदन की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 रात 11:50 बजे तक है। पहले आवेदन के लिए 500 रुपये विलंब शुल्क की व्यवस्था थी, लेकिन अब लेट फीस हटा दी गई है। परीक्षा 87 विषयों में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) मोड में आयोजित होगी।
कितने उम्मीदवारों के आवेदन अधूरे हैं?
एनटीए के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, यूजीसी नेट दिसंबर 2026 के लिए आवेदन की स्थिति इस प्रकार है।
- कुल रजिस्ट्रेशन: 8.78 लाख से अधिक
- आवेदन शुल्क का भुगतान करने वाले उम्मीदवार: 6.92 लाख
- अधूरे आवेदन: 1,45,888
- शुल्क भुगतान लंबित: 32,744
जिन उम्मीदवारों ने आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें अंतिम तारीख से पहले फॉर्म और शुल्क भुगतान की स्थिति जांच लेनी चाहिए।
यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की महत्वपूर्ण तारीखें
- आवेदन की अंतिम तारीख: 31 अक्टूबर 2026
- आवेदन में सुधार की विंडो: 2 से 4 नवंबर 2026
- परीक्षा की तारीखें: 14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर 2026
यूजीसी नेट के लिए कितनी योग्यता जरूरी है?
सामान्य, अनारक्षित और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से मास्टर डिग्री या समकक्ष योग्यता में कम से कम 55 प्रतिशत अंक होने चाहिए। ओबीसी-एनसीएल, एससी, एसटी, दिव्यांग और थर्ड जेंडर उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं।
चार वर्षीय स्नातक डिग्री वाले उम्मीदवार भी कम से कम 75 प्रतिशत अंकों के साथ जेआरएफ और पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्र हो सकते हैं। हालांकि, इस आधार पर वे असिस्टेंट प्रोफेसर पद की पात्रता हासिल नहीं करते।
आयु सीमा और छूट
- जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ): 1 जून 2026 को अधिकतम आयु 30 वर्ष होनी चाहिए। नियमानुसार ओबीसी, एससी, एसटी, दिव्यांग, थर्ड जेंडर और महिला उम्मीदवारों को अधिकतम पांच वर्ष की छूट मिल सकती है।
- असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी प्रवेश: इन श्रेणियों के लिए आवेदन करने की कोई ऊपरी आयु सीमा नहीं है।
यूजीसी नेट परीक्षा में कितने पेपर होते हैं?
यूजीसी नेट में दो पेपर होते हैं। पेपर-1 में सामान्य योग्यता, शिक्षण अभिरुचि और संबंधित कौशल से जुड़े प्रश्न पूछे जाते हैं। पेपर-2 उम्मीदवार के चुने हुए विषय पर आधारित होता है। परीक्षा में नकारात्मक अंकन नहीं होता।
ऐसे करें आवेदन
- आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं।
- यूजीसी नेट दिसंबर 2026 आवेदन लिंक खोलें।
- मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें।
- जरूरी दस्तावेज अपलोड करके आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
- लागू आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।
आवेदन शुल्क
- सामान्य वर्ग: 1,150 रुपये
- ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल: 600 रुपये
- एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवार: 325 रुपये
आवेदन के लिए एनटीए के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध निर्देशों का पालन करें। फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच कर लें।

