दिल्ली में नकली नोटों की बड़ी खेप बरामद, 2.65 लाख की करेंसी के साथ दो गिरफ्तार

Thecity news
4 Min Read

बिहार से आए दोनों आरोपी ग्राहक तलाश रहे थे, एक लाख के नकली नोटों के बदले 25 से 30 हजार रुपये असली लेने की थी योजना।

दिल्ली पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी की सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के पहाड़गंज थाना पुलिस ने उनके कब्जे से 2 लाख 65 हजार 100 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 36 वर्षीय दिनेश कुमार झा और 20 वर्षीय सतीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों नकली नोटों की खेप लेकर दिल्ली पहुंचे थे और उसे खपाने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे।

गेस्ट हाउस में छापेमारी कर दोनों को पकड़ा

पुलिस को 5 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि पहाड़गंज इलाके में दो लोग नकली नोटों की सप्लाई करने के इरादे से आए हैं। इसके बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम बनाई गई।

एसआई एसएन ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित नीलम गेस्ट हाउस में छापेमारी की। इस दौरान दोनों संदिग्धों को मौके से पकड़ लिया गया।

तलाशी लेने पर उनके पास से 2 लाख 65 हजार 100 रुपये की नकली भारतीय करेंसी बरामद हुई। इसमें 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोट शामिल हैं। बरामद नोटों की शुरुआती जांच के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया था।

एक लाख के नकली नोटों के बदले लेने थे 25-30 हजार

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नकली नोट बेचने के इरादे से दिल्ली आए थे। उनकी योजना एक लाख रुपये की नकली करेंसी के बदले 25 से 30 हजार रुपये की असली करेंसी लेने की थी।

इसके लिए वे दिल्ली में ऐसे ग्राहक की तलाश कर रहे थे, जो उनसे नकली नोटों की खेप खरीद सके। हालांकि, किसी ग्राहक तक पहुंचने से पहले ही पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

S नाम के शख्स से मिले थे नकली नोट

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें ये नकली नोट कथित तौर पर S नाम के एक शख्स ने सप्लाई किए थे। पुलिस अब उसकी पहचान और भूमिका की जांच कर रही है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नकली करेंसी कहां तैयार की गई और इसे दिल्ली तक किस रास्ते से पहुंचाया गया। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।

मुख्य आरोपी पर पहले भी दर्ज है मामला

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी दिनेश कुमार झा पहले भी नकली करेंसी से जुड़े मामले में शामिल रहा है। उसके खिलाफ 2023 में दिल्ली के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने में नकली नोटों से संबंधित मामला दर्ज हुआ था।

फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया है। जांच का मुख्य फोकस नकली नोट तैयार करने वालों, सप्लाई करने वालों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने पर है।

Share This Article