घर में लगी आग ने दो महिलाओं और दो मासूम बच्चों की जान ली, 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलसा; हादसे के कारणों की जांच जारी।
ओडिशा के जाजपुर जिले में शनिवार रात एक भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो छोटे बच्चे शामिल हैं। हादसे में परिवार का 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए कटक रेफर किया गया है।
रात 8:30 बजे घर में भड़की आग
यह घटना बालिचंद्रपुर थाना क्षेत्र की नल्लीपुर पंचायत के शेख महल्ला गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:30 बजे शेख निजामुद्दीन के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में मकान के चार कमरे भी बुरी तरह प्रभावित हुए।
दो महिलाओं और दो बच्चों की मौत
बताया जा रहा है कि आग लगने के समय घर में एलपीजी गैस पर खाना बनाया जा रहा था। निजामुद्दीन की 40 वर्षीय बहू तबस्सुम परवीन और 26 वर्षीय बेटी गुल अफ्सा परवीन रसोई में थीं। इसी दौरान घर में मौजूद 11 वर्षीय रोशनी परवीन और आठ महीने का एक बच्चा भी आग की चपेट में आ गया। चारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में झुलसे 22 वर्षीय युवक को तत्काल बड़चणा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए कटक रेफर कर दिया।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। बालिचंद्रपुर पुलिस ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें हादसे के कारणों का पता लगा रही हैं।
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से शेख महल्ला गांव में शोक का माहौल है। हादसे में दो मासूम बच्चों की जान जाने से पूरे इलाके में दुख है।

