खुले सीवर में गिरा 4 साल का इमरान, रात से तलाश में जुटी NDRF की टीम

Thecity news
2 Min Read

दिल्ली के नांगलोई विहार की दास गार्डन कॉलोनी में बच्चा खुले मैनहोल में गिर गया। पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं।

दिल्ली के नांगलोई विहार इलाके की दास गार्डन कॉलोनी में चार साल का बच्चा खुले सीवर में गिर गया। घटना के बाद से बच्चे की तलाश के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीमें मौके पर मौजूद हैं।

बताया गया कि घटना के समय बच्चा पार्क में खेल रहा था। इसी दौरान वह खुले मैनहोल के पास पहुंचा और सीवर में गिर गया। हालांकि, बच्चे के सीवर के पास जाने की परिस्थितियों को लेकर परिवार और दमकल विभाग की ओर से अलग-अलग जानकारी सामने आई है।

रात 9:45 बजे मिली थी सूचना

दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी के मुताबिक, विभाग को बुधवार रात करीब 9:45 बजे घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की टीम को मौके पर तैनात किया गया और बचाव अभियान शुरू हुआ।

बच्चे के पिता खुर्शीद आलम ने बताया कि उनके बेटे का नाम इमरान है। वह पार्क में खेलने आया था और शौच के लिए सीवर के पास गया था। सीवर खुला होने के कारण वह उसमें गिर गया।

NDRF और प्रशासन की टीमें कर रहीं तलाश

एसडीएम रजत मल्होत्रा के अनुसार, सूचना मिलते ही प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू कर दिया। एनडीआरएफ की टीम और अन्य विभागों के अधिकारी बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हैं।

विशेष बचाव दल सीवर लाइन में बच्चे की तलाश कर रहा है। इसके लिए सक्शन पंप और स्कैनिंग उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। घटना के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं और बच्चे के मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

फिलहाल बचाव अभियान जारी है और बच्चे का पता नहीं चल पाया है।

Share This Article