टीएमसी सांसद ने भगवान राम और माता सीता से जुड़े प्रसंगों का जिक्र करते हुए अपनी नाराजगी जताई। उनके बयान से राजनीतिक विवाद तेज हो सकता है।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर सियासी बयानबाजी जारी है। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कीर्ति आजाद ने राम मंदिर और भगवान राम को लेकर बयान दिया है।
कीर्ति आजाद ने कहा कि वह कभी राम मंदिर नहीं जाएंगे। उन्होंने भगवान राम द्वारा माता सीता को वनवास दिए जाने के प्रसंग का जिक्र करते हुए सवाल उठाए। उनका कहना है कि वह मिथिला के रहने वाले हैं और माता सीता को अपनी मां मानते हैं।
क्या बोले कीर्ति आजाद?
अखिलेश यादव के परिवार के साथ 12 दिसंबर को अयोध्या स्थित राम मंदिर जाने के प्रस्ताव और भाजपा की प्रतिक्रिया पर बोलते हुए कीर्ति आजाद ने कहा कि देश में करोड़ों देवी-देवता हैं और हर व्यक्ति की अपनी आस्था होती है।
उन्होंने कहा, “मैं तो कभी नहीं जाऊंगा। जिसने अपनी पत्नी का परित्याग कर दिया हो, अग्नि परीक्षा में पास होने के बाद भी माता सीता को घर से निकाल दिया हो, मैं क्यों जाऊं।”
कीर्ति आजाद ने आगे कहा कि वह मिथिला के रहने वाले हैं और माता सीता मिथिला की बेटी हैं। उन्होंने कहा कि मिथिला के प्रत्येक व्यक्ति के लिए माता सीता मां के समान हैं। उन्होंने भगवान राम के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ संबोधन पर भी सवाल उठाए।
माता सीता के सम्मान के लिए लड़ने की कही बात
कीर्ति आजाद ने कहा कि अग्नि परीक्षा में सफल होने के बाद भी माता सीता को दो छोटे बच्चों के साथ वनवास भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि वह अपनी इष्ट देवी और माता सीता के सम्मान के लिए आवाज उठाएंगे।
सांसद ने अपनी धार्मिक आस्था का जिक्र करते हुए कहा कि वह मां काली और कामाख्या मंदिर में दर्शन करने जाते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या राम मंदिर नहीं जाने या मां काली की पूजा करने से कोई हिंदू नहीं रह जाता।
उनके इस बयान के बाद राम मंदिर और भगवान राम को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।

