नागपुर के होटल में भीषण आग, मंडल अधिकारी की जिंदा जलकर मौत

Thecity news
2 Min Read

बाजार गांव स्थित होटल में लगी आग ने कुछ ही देर में पूरे परिसर को चपेट में ले लिया। दमकल की छह गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में गुरुवार रात एक होटल में भीषण आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा नागपुर-अमरावती राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाजार गांव इलाके में स्थित अनंतारा होटल में हुआ। मृतक की पहचान अमरावती निवासी मनोज सदाशिवराव बांडे के रूप में हुई है।

धुएं से दम घुटने के कारण हुई मौत

जानकारी के अनुसार, होटल में अचानक आग लगी और देखते ही देखते लपटों ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। होटल के एक कमरे में धुआं भर जाने के कारण मनोज बांडे का दम घुट गया और उनकी मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि पूरा होटल जलकर खाक हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोढाली दमकल केंद्र की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की छह गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अमरावती तहसील कार्यालय में थे कार्यरत

मृतक मनोज सदाशिवराव बांडे अमरावती जिले की अंजनगांव सुर्जी तहसील में मंडल अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। होटल में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में एक किराना दुकान में लगी आग में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई थी।

Share This Article