ट्रेन टिकटों की मारामारी के बीच दिल्ली और बिहार सरकार ने किफायती बस सेवा शुरू की है। आनंद विहार से एसी, स्लीपर और सामान्य बसें चलेंगी।
छठ महापर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ी राहत दी है। त्योहार के दौरान ट्रेनों में टिकटों की भारी मांग को देखते हुए दिल्ली और बिहार सरकार ने संयुक्त रूप से 77 अंतरराज्यीय बसें शुरू की हैं। दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।
इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोगों को सुरक्षित और किफायती किराये पर घर पहुंचने की सुविधा देना है।
आनंद विहार से बिहार के पांच शहरों के लिए बसें
शुरुआती व्यवस्था के तहत आनंद विहार बस टर्मिनल से बिहार के पांच प्रमुख शहरों के लिए 77 बसें चलाई जा रही हैं। इनका रूट और संख्या इस प्रकार है:
- मुजफ्फरपुर: 36 बसें
- पटना: 13 बसें
- पूर्णिया: 12 बसें
- गयाजी: 10 बसें
- दरभंगा: 6 बसें
यात्रियों के लिए वातानुकूलित, गैर-वातानुकूलित, स्लीपर और सामान्य बसों के विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। बसों के प्रकार के आधार पर किराये में रियायत भी दी जा रही है।
10 साल तक मान्य रहेगा दोनों राज्यों का समझौता
परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि छठ पूजा का बिहार और पूर्वांचल के लाखों लोगों के लिए विशेष सांस्कृतिक और भावनात्मक महत्व है। दोनों सरकारें मिलकर यात्रियों को सुरक्षित और किफायती यात्रा उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, इस सेवा के लिए दोनों राज्यों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) को मंजूरी दी गई है। इसके तहत दिल्ली और बिहार में जारी किए गए टिकट एक-दूसरे राज्य में भी मान्य होंगे। यह व्यवस्था 10 वर्षों तक लागू रहेगी।
केवल सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों को अनुमति
सरकार ने इस सेवा में पर्यावरण अनुकूल वाहनों को प्राथमिकता दी है। इसके तहत केवल बीएस-6 मानक वाली सीएनजी बसों और इलेक्ट्रिक बसों को ही अनुमति दी जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ कम करने और अंतरराज्यीय सार्वजनिक परिवहन संपर्क मजबूत करने में मदद मिलेगी। इससे दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के राजस्व में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

