लगातार गिरावट के बाद 15 नवंबर को सोने-चांदी की कीमतें स्थिर रहीं, लेकिन डॉलर की मजबूती और कमजोर मांग से बाजार पर दबाव बना हुआ है।
सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट के बाद रविवार, 15 नवंबर को स्थिरता देखने को मिली। दोनों कीमती धातुओं के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। हालांकि, पिछले 10 दिनों के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी कमी दर्ज की गई है।
इस अवधि में 24 कैरेट सोना प्रति 10 ग्राम 8,660 रुपये और 22 कैरेट सोना 7,950 रुपये सस्ता हुआ है। वहीं, एक किलो चांदी की कीमत में करीब 15,000 रुपये की गिरावट आई है।
लगातार चार दिन नीचे आए सोने के भाव
पिछले 10 दिनों में सोने की कीमतों में पांच बार गिरावट दर्ज की गई। 10 से 13 नवंबर के बीच लगातार चार कारोबारी दिनों तक सोने के भाव नीचे आए।
दिवाली के बाद घरेलू बाजार में खुदरा मांग कमजोर पड़ने और अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले नकारात्मक संकेतों ने कीमतों पर दबाव बनाया। चांदी में भी सोने के मुकाबले अधिक तेज गिरावट देखने को मिली।
डॉलर की मजबूती और अमेरिकी यील्ड से दबाव
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) सौमिल गांधी के मुताबिक, वैश्विक बाजार में कमजोरी और त्योहारी सीजन के बाद मांग घटने से घरेलू सोने की कीमतें प्रभावित हुई हैं।
वहीं, Giottus.com के सीईओ विक्रम सुब्बुराज का कहना है कि अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी और डॉलर की मजबूती से सोने और चांदी दोनों पर दबाव पड़ा है।
सौमिल गांधी के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ शांति समझौते की जरूरत नहीं होने संबंधी बयान के बाद भी सोने में बिकवाली बढ़ी। इससे तत्काल कूटनीतिक समाधान की उम्मीदों को झटका लगा।
2027 तक कहां पहुंच सकते हैं सोने-चांदी के भाव?
आने वाले समय में सोने और चांदी की कीमतों की दिशा डॉलर, कच्चे तेल और केंद्रीय बैंकों की मौद्रिक नीतियों पर निर्भर करेगी। एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, इन कारकों का असर कीमती धातुओं के बाजार पर दिखाई देगा।
हालांकि, लंबी अवधि को लेकर तेजी का अनुमान भी जताया गया है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के सचिव सुरेंद्र मेहता के मुताबिक, 2027 के अंत तक 10 ग्राम सोने की कीमत 1.87 लाख रुपये और एक किलो चांदी का भाव 5.45 लाख रुपये से अधिक पहुंच सकता है।

