मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ओर से पवई उच्चस्तरीय जलाशय क्रमांक-1 (PHLR-1) से सहार गांव के बीच मुख्य जलवाहिनियों में हुई लीकेज की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इस कार्य के चलते मुंबई के विभिन्न प्रशासनिक वार्डों के कई इलाकों में 24 घंटे तक पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी, जबकि कुछ क्षेत्रों में कम दबाव से पानी मिलेगा।
बीएमसी के जनसंपर्क विभाग द्वारा 23 नवंबर 2026 को जारी सूचना के अनुसार, मरम्मत कार्य गुरुवार, 26 नवंबर को सुबह 9 बजे शुरू होगा और शुक्रवार, 27 नवंबर को सुबह 9 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान जी उत्तर, के दक्षिण, के उत्तर, एच पूर्व, एस और एन विभाग के विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित होगी।
धारावी और माटुंगा क्षेत्र में पानी बंद
जी उत्तर विभाग के अंतर्गत धारावी लूप मार्ग, ए.के.जी. नगर, प्रेम नगर, नाईक नगर, धारावी मुख्य सड़क, गणेश मंदिर मार्ग, दिलीप कदम मार्ग, जैस्मिन मिल मार्ग, माहिम फाटक और कुंभारवाड़ा सहित कई क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। शुक्रवार को माटुंगा लेबर कैंप, संत रोहिदास मार्ग, 60 फीट रोड, 90 फीट रोड, संत कक्कैया मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग सहित अन्य इलाकों में भी जलापूर्ति प्रभावित होगी।
अंधेरी, मरोळ और सहार में भी असर
के दक्षिण और के उत्तर विभाग के अंतर्गत विजय नगर मरोळ, मिलिट्री रोड, वसंत ओएसिस, मरोळ गांव, गावदेवी, सेवन हिल्स अस्पताल, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, सिप्ज, एमआईडीसी, कोंडिविटा, माहेश्वरी नगर, भवानी नगर, चकाला, प्रकाशवाड़ी, जे.बी. नगर और कांती नगर सहित अनेक क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। वहीं, कोलडोंगरी, विजय नगर (सहार रोड), मोगरपाड़ा और कुछ अन्य इलाकों में कम दबाव से पानी मिलेगा।
शुक्रवार, 27 नवंबर को ओम नगर, कांती नगर, राजस्थान सोसायटी, साई नगर, सहार गांव, सुतारपाखाड़ी और कार्गो परिसर में जलापूर्ति बंद रहेगी।
बांद्रा पूर्व और आसपास के क्षेत्रों में भी जलापूर्ति प्रभावित
एच पूर्व विभाग के बांद्रा टर्मिनस में 26 और 27 नवंबर को पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। इसके अलावा शुक्रवार को ए.के. मार्ग, खेरवाड़ी सर्विस रोड, बेहरामपाड़ा, खेरनगर, निर्मल नगर और बांद्रा पूर्व के अन्य इलाकों में भी पानी नहीं मिलेगा।
विक्रोली और भांडुप में कम दबाव की समस्या
एस विभाग के अंतर्गत विक्रोली पश्चिम, कांजूरमार्ग पश्चिम, सूर्या नगर, आंबेडकर चौक, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग और सनसिटी परिसर में 26 नवंबर को कम दबाव से पानी मिलेगा। मोरारजी नगर, गौतम नगर, जय भीम नगर, पासपोली गांव और कैलाश नगर में 26 और 27 नवंबर को जलापूर्ति बंद रहेगी।
इसके अलावा बेस्ट नगर, फिल्टरपाड़ा, गावदेवी, पठानवाड़ी, महात्मा फुले नगर और आरे रोड सहित कई क्षेत्रों में भी पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी। भांडुप पश्चिम के श्रीरामपाड़ा, त्रिमूर्ति नगर, आंब्याची भरणी, वाघोबा वाड़ी, तानाजी वाड़ी, नरदास नगर और शिवाजी नगर में दोनों दिन कम दबाव से पानी मिलेगा।
एन विभाग के कई क्षेत्रों में कम दबाव से होगी आपूर्ति
एन विभाग के अंतर्गत अपर डेपो पाड़ा, लोअर डेपो पाड़ा, सागर नगर, विक्रोली पश्चिम रेलवे स्टेशन मार्ग, फिरोजशाह नगर, गोदरेज परिसर, मेफेयर इमारतें, कैलाश परिसर, वाधवा रेजिडेंसी, प्रेसिडेंशियल टावर्स, कल्पतरु परिसर, आर-सिटी मॉल, दामोदर पार्क, श्रेयस सिनेमा, साईनाथ नगर और नित्यानंद नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में गुरुवार को कम दबाव से पानी की आपूर्ति होगी।
बीएमसी की नागरिकों से अपील
महानगरपालिका ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे मरम्मत कार्य शुरू होने से पहले अपनी जरूरत के अनुसार पर्याप्त पानी जमा कर लें। मरम्मत कार्य के दौरान पानी का उपयोग सावधानीपूर्वक और मितव्ययिता से करने की भी सलाह दी गई है।
बीएमसी के अनुसार, मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद भी अगले तीन से चार दिनों तक कुछ इलाकों में कम दबाव से पानी आने की संभावना है। साथ ही पानी मटमैला होने की आशंका को देखते हुए नागरिकों को पानी छानकर और उबालकर पीने की सलाह दी गई है।
महानगरपालिका ने नागरिकों से इस आवश्यक मरम्मत कार्य के दौरान सहयोग करने की अपील की है।

