अपनी किताब पर राहुल और प्रियंका के साथ बातचीत में सोनिया ने पुराने दौरों का जिक्र किया और बताया कि उन्हें राजीव की सुरक्षा की हमेशा चिंता रहती थी।
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके। सोनिया ने बताया कि राजनीतिक दौरों के दौरान उन्हें हमेशा राजीव की सुरक्षा की चिंता रहती थी। उन्होंने कई बार इस खतरे को लेकर आगाह भी किया, लेकिन उनकी चिंताओं को गंभीरता से नहीं लिया गया। सोनिया ने ये बातें अपनी किताब Belonging: A Journey of Love पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ बातचीत के दौरान कहीं।
राहुल ने पिता की सुरक्षा को लेकर मां से क्या कहा था?
सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के विपक्ष के नेता रहने के समय के राजनीतिक दौरों को याद किया। उन्होंने बताया कि राजीव कई बार खुली जीप में यात्रा करते थे। इन दौरों के दौरान विरोध प्रदर्शन होते थे और कई बार पत्थरबाजी भी की जाती थी।
सोनिया को खासतौर पर उन राज्यों में राजीव की सुरक्षा को लेकर चिंता होती थी, जहां विपक्षी दलों की सरकार थी। उनका आरोप है कि सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी उनकी चिंताओं को पर्याप्त गंभीरता से नहीं लेते थे।
राहुल गांधी भी अपने पिता के साथ ऐसे ही एक दौरे पर गए थे। उन्होंने विरोध प्रदर्शन और पत्थरबाजी देखी थी। सोनिया के मुताबिक, घर लौटने के बाद राहुल ने उनसे कहा था, “मम्मा, अगर हम पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं करेंगे, तो मुझे लगता है कि मुझे जल्द ही उनके अंतिम संस्कार के लिए आना पड़ेगा।”
बिहार का दौरा बना सुरक्षा को लेकर चिंता की बड़ी वजह
सोनिया गांधी ने बताया कि बिहार का दौरा उनकी चिंताओं को और गहरा करने वाला साबित हुआ। हालांकि, राजीव की सुरक्षा को लेकर वह इससे पहले भी परेशान थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजीव गांधी की सुरक्षा हटाने का फैसला कोई संयोग नहीं था, बल्कि जानबूझकर लिया गया था।
सोनिया ने कहा, “सुरक्षा हटा दी गई, ताकि उनकी हत्या हो सके। उनकी सुरक्षा हटाना कोई दुर्घटना नहीं थी। ऐसा जानबूझकर किया गया था, ताकि उनकी हत्या हो जाए।”
उन्होंने ये आरोप राहुल और प्रियंका के साथ बातचीत के दौरान लगाए। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया।
इटली से भारत आने तक का सफर, परिवार की यादें भी कीं साझा
सोनिया, राहुल और प्रियंका के बीच करीब 23 मिनट की बातचीत में उनकी जिंदगी के कई पहलुओं पर चर्चा हुई। इसमें इटली में बचपन बिताने से लेकर भारत आने, पारिवारिक रिश्तों और राजनीति में उनके अनुभवों तक की बातें शामिल थीं।
बातचीत के दौरान राहुल ने एक तस्वीर दिखाई, जिसमें राजीव गांधी सोनिया से शादी की अनुमति लेने उनके पिता के पास गए थे। सोनिया ने बताया कि अलग संस्कृति, भाषा और रहन-सहन वाले देश में बसना उनके लिए आसान नहीं था। भारत आने के बाद उन्हें कई ऐसी चीजों का सामना करना पड़ा, जो उनके लिए बिल्कुल नई थीं।
सोनिया की मां भारत आने के बाद क्यों हो गई थीं भावुक?
बातचीत में सोनिया गांधी की मां का भी जिक्र हुआ। प्रियंका गांधी वाड्रा ने बताया कि उनकी नानी बहुत मिलनसार थीं। भाषा अलग होने के बावजूद वह लोगों से दोस्ती कर लेती थीं। प्रियंका ने यह भी बताया कि उन्होंने अपनी नानी से इटली के कई व्यंजन बनाना सीखा था।
प्रियंका ने एक भावुक पल साझा करते हुए बताया कि एक बार उनकी नानी रो पड़ी थीं। उन्हें महसूस हुआ कि उनकी बेटी इटली की जड़ों से इतनी दूर चली गई है कि अब पूरी तरह भारतीय बन चुकी है।
राहुल ने बताया, किताब में क्यों नहीं लिखे गए कुछ अनुभव
बातचीत के ‘What’s Not in the Book?’ यानी ‘किताब में क्या नहीं है?’ वाले हिस्से में राहुल गांधी ने बताया कि उनकी मां ने कुछ अनुभव जानबूझकर किताब में शामिल नहीं किए। इनमें उनके प्रति लोगों के व्यवहार और समय के साथ बदलते रवैये से जुड़ी घटनाएं शामिल थीं।
राहुल ने कहा कि उनकी मां को कई मौकों पर बुरी तरह प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और उनके साथ दुर्व्यवहार हुआ। हालांकि, उन्होंने इन घटनाओं को किताब में विस्तार से लिखने से बचने का फैसला किया। राहुल के मुताबिक, ऐसा शायद उनकी मां के दयालु स्वभाव की वजह से किया गया।

