लाल किले पर हरा झंडा फहराने के बयान से मचा बवाल, सपा नेता एसटी हसन ने शादाब चौहान को दी नसीहत

Thecity news
4 Min Read

AIMIM प्रवक्ता के बयान पर सियासी विवाद बढ़ा, एसटी हसन ने देश की विविधता और तिरंगे के महत्व की याद दिलाई।

AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान के एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने पहले लखनऊ फतेह करने और फिर दिल्ली के लाल किले पर हरा झंडा लहराने की बात कही थी। उनके इस बयान पर समाजवादी पार्टी के नेता एसटी हसन ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें नसीहत दी है।

एसटी हसन ने क्या कहा?

एसटी हसन ने कहा कि भारत अनेकताओं में एकता का देश है। यहां भगवा, हरा और सफेद रंग हमारी तहजीब और संस्कारों के प्रतीक हैं। उन्होंने याद दिलाया कि लाल किले पर पहले भी झंडे फहराए गए हैं, लेकिन उनका कोई नतीजा नहीं निकला।

शादाब चौहान ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा था?

इससे पहले शादाब चौहान ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा था कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन के बाद सभी राजनीतिक दल बौखला गए हैं। उन्होंने दावा किया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश में भी न्यायवादी सरकार बनाएगा और दिल्ली में भी ऐसी सरकार के गठन के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

उन्होंने पोस्ट में कहा था कि उनकी पार्टी ऐसी सरकार बनाना चाहती है, जो संविधान की रक्षा करे और नागरिकों के सम्मान व सुरक्षा को सुनिश्चित करे। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार का लक्ष्य होगा, जहां तिरंगा शान से लहराए और किसी भी भारतीय नागरिक के साथ धर्म, जाति या संप्रदाय के नाम पर भेदभाव न हो।

आजम खान और अखिलेश यादव पर भी दे चुके हैं बयान

शादाब चौहान इससे पहले आजम खान के दाढ़ी को लेकर दिए गए बयान पर भी आपत्ति जता चुके हैं। उन्होंने आजम खान की अच्छी सेहत की दुआ करते हुए कहा था कि दाढ़ी को लेकर उनकी टिप्पणी आपत्तिजनक है। शादाब ने कहा था कि सिर्फ मौलाना ही नहीं, बल्कि आम मुसलमान भी दाढ़ी रखते हैं।

बिरयानी को लेकर भी उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्हें बिरयानी नहीं, बल्कि गुजराती ढोकला पसंद है।

इसके अलावा अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को राम मंदिर जाने की चर्चा के बीच शादाब चौहान ने सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि अखिलेश यादव का वहां जाना भाजपा और विश्व हिंदू परिषद के आंदोलन को जायज ठहराने जैसा है। उन्होंने यह भी सवाल किया था कि क्या अखिलेश यादव ने इस दौरे से पहले सपा के संस्थापक सदस्य और राष्ट्रीय महासचिव आजम खान से अनुमति ली थी, जिन्होंने बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के तहत लंबे समय तक बाबरी मस्जिद के लिए लड़ाई लड़ी थी।

वारिस पठान भी दे चुके हैं ऐसा बयान

इससे पहले AIMIM नेता वारिस पठान का बयान भी चर्चा में आया था। उन्होंने कहा था कि एक दिन अब्दुल उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री भी बनेगा।

Share This Article