10वीं-12वीं पास युवकों का करोड़ों का साइबर खेल! फर्जी ट्रेडिंग ऐप से ऐसे लगाते थे लाखों की चपत

Thecity news
5 Min Read

शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर सूरत के व्यक्ति से 14.48 लाख रुपये ठगे, इंदौर के अवैध कॉल सेंटर से पांच आरोपी गिरफ्तार।

शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सूरत साइबर क्राइम सेल ने मध्य प्रदेश के इंदौर में चल रहे एक अवैध कॉल सेंटर पर छापा मारकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने सूरत के एक व्यक्ति से 14.48 लाख रुपये की ठगी की थी। जांच में सामने आया कि आरोपी महज 10वीं से 12वीं तक पढ़े हैं, लेकिन उनके नेटवर्क के जरिए पिछले एक साल में 12 बैंक खातों से 8.22 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ।

पहले थोड़ा मुनाफा दिखाकर जीतते थे भरोसा

साइबर सेल की डीसीपी बिशाखा जैन के मुताबिक, तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने इंदौर में कार्रवाई की। आरोपी सबसे पहले निवेश करने के इच्छुक लोगों का डेटा जुटाते थे। इसके बाद फोन और व्हाट्सएप के जरिए उनसे संपर्क कर शेयर बाजार में अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा देते थे।

शुरुआत में लोगों का विश्वास जीतने के लिए उन्हें जाने-माने ट्रेडिंग ऐप पर डीमैट अकाउंट खुलवाकर निवेश कराया जाता था। कुछ समय तक उन्हें थोड़ा मुनाफा भी दिखाया जाता था। इसके बाद ज्यादा कमीशन और शुल्क का बहाना बनाकर ‘वेल्थ ट्रेड’ नाम के फर्जी ऐप की एपीके फाइल भेजी जाती थी।

फर्जी ऐप पर दिखाते थे लाखों का मुनाफा

फर्जी ऐप पर अकाउंट खुलवाने के बाद आरोपियों की ओर से व्हाट्सएप पर अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी भेजी जाती थी और उनमें पैसे जमा कराने को कहा जाता था। ऐप पर शुरुआत में मुनाफा दिखाकर लोगों को बड़ी रकम निवेश करने के लिए तैयार किया जाता था।

जब लोग मोटी रकम जमा कर देते थे, तो ऐप पर अचानक बड़ा नुकसान दिखने लगता था। इसके बाद आरोपियों की ओर से पैसे निकालने पर रोक लगा दी जाती थी और निवेशकों की रकम ठग ली जाती थी।

इंदौर के कॉल सेंटर से 24 मोबाइल और 3,079 लोगों का डेटा मिला

सूरत के शिकायतकर्ता से 14.48 लाख रुपये की ठगी के मामले में साइबर क्राइम थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने इंदौर में तीन से चार दिन तक जांच की और अवैध कॉल सेंटर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान वहां 18 टेलीकॉलर काम करते मिले।

पुलिस ने हेमंत सोनारे (28), धर्मेंद्र उर्फ डी.के. राय (25), सुधांशु गीते (26), प्रवीण उर्फ प्रियांशु राय (25) और यश कुमावत (27) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और पिछले 9 महीने से एक साल तक इस कॉल सेंटर में काम कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की चार दिन की रिमांड ली है।

छापेमारी के दौरान कॉल सेंटर से 19 मोबाइल फोन और आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन समेत कुल 24 फोन जब्त किए गए। इसके अलावा देशभर के 3,079 संभावित ग्राहकों का डेटा भी बरामद हुआ है।

चार राज्यों समेत कई जगहों पर ठगी की शिकायतें

पुलिस की जांच में आरोपियों के 12 बैंक खातों की जानकारी राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर खंगाली गई। इसमें इन खातों से जुड़ी कुल 7 शिकायतें मिलीं। इनमें उत्तर प्रदेश की 3 शिकायतें शामिल हैं, जबकि पश्चिम बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश से एक-एक शिकायत दर्ज है। इन मामलों में करीब 1 करोड़ रुपये की ठगी की बात सामने आई है।

वहीं, जांच के मुताबिक गिरोह ने पिछले एक साल में 12 बैंक खातों के जरिए कुल 8.22 करोड़ रुपये का लेनदेन किया था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के लेनदेन की जांच कर रही है।

Share This Article