सीएम योगी से मिलने पहुंचे बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री, करीब एक घंटे तक चली मुलाकात

Thecity news
2 Min Read

बुधवार सुबह लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे कथावाचक ने मुलाकात के बाद अपनी मां के निधन का भी जिक्र किया, बातचीत का एजेंडा सामने नहीं आया।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। वह सुबह लखनऊ के पांच कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और करीब एक घंटे तक वहां मौजूद रहे।

मुलाकात के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट हुई है। इस दौरान उन्होंने अपनी माता के निधन का भी जिक्र किया। हालांकि, दोनों के बीच किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

कुंडा में कथा के दौरान भी दिया था बयान

इससे पहले 19 नवंबर को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री चर्चा में आए थे। उन्होंने हिंदुओं से अपने घरों के बाहर भगवा झंडा लगाने की अपील की थी। साथ ही श्रद्धालुओं को भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया था। इस दौरान उन्होंने काशी और मथुरा का भी जिक्र किया था।

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि दूसरे समुदाय के कुछ घरों पर हरे रंग के झंडे दिखाई देते हैं, जबकि हिंदुओं की आबादी वाले गांवों में भी भगवा ध्वज नजर नहीं आता।

भगवान राम के आदर्शों पर चलने की अपील

कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा था कि केवल खुद को सनातनी बताना ही पर्याप्त नहीं है। उन्होंने श्रद्धालुओं से तिलक लगाने, रामायण की चौपाइयों का पाठ करने और भगवान राम के आदर्शों पर चलने की अपील की थी। उन्होंने भगवा ध्वज को हनुमान जी की उपस्थिति से भी जोड़ा था।

Share This Article