रिलीज से पहले श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड, सैकड़ों महिलाओं ने एक साथ किया ये खास काम

Thecity news
3 Min Read

पुणे में आयोजित प्रमोशनल इवेंट में लावणी के सामूहिक प्रदर्शन को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह मिली, श्रद्धा कपूर भी बनीं इस पल का हिस्सा।

श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईठा’ रिलीज से पहले ही सुर्खियां बटोर रही है। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने अपने पहले गाने ‘जी जी रे जी’ के जरिए एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया है। पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों महिलाओं ने एक साथ इस गाने का हुक स्टेप किया, जिसे एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है।

पुणे में सैकड़ों महिलाओं ने किया लावणी डांस

फिल्म का प्रमोशनल इवेंट हाल ही में पुणे की जील यूनिवर्सिटी में आयोजित किया गया। इसमें श्रद्धा कपूर और निर्देशक लक्ष्मण उतेकर भी शामिल हुए। कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं सैकड़ों महिलाओं ने एक साथ ‘जी जी रे जी’ गाने पर लावणी के हुक स्टेप किए। करीब एक मिनट तक चले इस सामूहिक प्रदर्शन को रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया।

इस मौके पर एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने रिकॉर्ड की घोषणा करते हुए मैडॉक फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड और कठपुतली क्रिएशन्स महाराष्ट्र को सम्मानित किया।

नौवारी साड़ी में पहुंचीं श्रद्धा कपूर

कार्यक्रम में एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अधिकारियों ने श्रद्धा कपूर, लक्ष्मण उतेकर और फिल्म की टीम को सर्टिफिकेट और गोल्ड मेडल प्रदान किए। इसके बाद श्रद्धा ने कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

इस दौरान श्रद्धा पारंपरिक नौवारी साड़ी में नजर आईं। उन्होंने एमराल्ड ग्रीन साड़ी के साथ ट्रेडिशनल जूलरी और कोल्हापुरी चप्पल पहनी थी। श्रद्धा ने स्टेज पर गाने के हुक स्टेप भी किए और लावणी की झलक दिखाई।

घुंघरू पहनकर रिहर्सल के दौरान घायल हुई थीं श्रद्धा

फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने हाल ही में बताया था कि श्रद्धा ने गाने की तैयारी के लिए करीब 25 दिनों तक रिहर्सल की थी। इस दौरान उन्होंने पैरों में चार-चार किलो के घुंघरू पहने थे। लगातार अभ्यास के कारण उनके पैरों में सूजन आ गई थी और मांसपेशियों में चोट भी लगी थी। इसके बाद उन्हें करीब एक महीने तक आराम करना पड़ा।

गाने ‘जी जी रे जी’ को 17 नवंबर को रिलीज किया गया था। इसकी कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है।

4 दिसंबर को रिलीज होगी फिल्म

‘ईठा’ 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। इसमें श्रद्धा कपूर विठाबाई की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में उनके साथ रणदीप हुड्डा, सिद्धार्थ जाधव और जीशान अय्यूब भी नजर आएंगे।

Share This Article