सरकारी साइबर सुरक्षा एजेंसी ने एंड्रॉयड, आईफोन, विंडोज और मैक यूजर्स को किया आगाह, खामियों का फायदा उठाकर हैकर्स चुरा सकते हैं निजी जानकारी।
WhatsApp यूजर्स के लिए एक नई साइबर सुरक्षा चेतावनी सामने आई है। गृह मंत्रालय की ओर से WhatsApp Web के इस्तेमाल को लेकर अलर्ट जारी किए जाने के बाद अब भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम (CERT-In) ने ऐप के कई पुराने वर्जन में सुरक्षा खामियों की जानकारी दी है। एजेंसी ने इस खतरे को हाई सीवियरिटी श्रेणी में रखा है। इसका असर मोबाइल के साथ कंप्यूटर और लैपटॉप पर WhatsApp इस्तेमाल करने वाले लोगों पर भी पड़ सकता है।
CERT-In ने 26 नवंबर को जारी एडवाइजरी में बताया कि WhatsApp के अलग-अलग वर्जन में मौजूद तकनीकी खामियों का फायदा साइबर अपराधी उठा सकते हैं। इनके जरिए यूजर्स की निजी जानकारी तक पहुंचने, डिवाइस पर खतरनाक कोड चलाने और ऐप की सुरक्षा व्यवस्था को दरकिनार करने का खतरा है।
किन WhatsApp यूजर्स को है खतरा?
CERT-In के मुताबिक, यह चेतावनी एंड्रॉयड, आईओएस, विंडोज और मैक पर WhatsApp इस्तेमाल करने वालों के लिए है। WhatsApp Business के यूजर्स को भी सावधान रहने की जरूरत है।
एजेंसी ने जिन पुराने वर्जन को असुरक्षित बताया है, उनकी जानकारी इस प्रकार है:
- एंड्रॉयड: WhatsApp के 2.26.35.74 और 2.26.17.4 से पुराने वर्जन।
- आईफोन: WhatsApp के 2.26.24.72 और 2.26.15.72 से पुराने वर्जन।
- विंडोज: WhatsApp के 2.3000.1032164386.258709 से पुराने वर्जन।
- मैक डेस्कटॉप: WhatsApp के 2.26.23.72 से पुराने वर्जन।
एंड्रॉयड और आईओएस पर WhatsApp Business इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को भी अपने ऐप का वर्जन जांचने और सुरक्षा अपडेट इंस्टॉल करने की सलाह दी गई है।
मैसेज और फाइल के जरिए हो सकता है साइबर अटैक
CERT-In की एडवाइजरी में अटैचमेंट स्पूफिंग, एसक्यूएल इंजेक्शन और सिक्योरिटी सर्टिफिकेट की जांच से जुड़ी खामियों का जिक्र किया गया है। इसके अलावा एआई से जुड़े रिस्पॉन्स मैसेज और बाहरी विज्ञापनों के जवाब में आने वाले यूआरएल की जांच में भी कमियां बताई गई हैं।
इन खामियों का फायदा उठाने के लिए साइबर अपराधी यूजर्स को विशेष रूप से तैयार किए गए मैसेज, फाइल या लिंक भेज सकते हैं। अगर ऐप इन खामियों की चपेट में आता है तो हमलावर निजी जानकारी तक पहुंच सकते हैं, डिवाइस पर मनमाना कोड चला सकते हैं और ऐप के डेटा में बदलाव कर सकते हैं।
खुद को सुरक्षित रखने के लिए क्या करें?
CERT-In ने यूजर्स और संगठनों को WhatsApp का नवीनतम सिक्योरिटी अपडेट इंस्टॉल करने की सलाह दी है। एंड्रॉयड यूजर्स गूगल प्ले स्टोर और आईफोन यूजर्स एप्पल ऐप स्टोर पर जाकर अपडेट चेक कर सकते हैं। वहीं, कंप्यूटर और लैपटॉप पर WhatsApp इस्तेमाल करने वालों को भी इसका नया वर्जन इंस्टॉल करना चाहिए।
इसके अलावा अनजान नंबरों से आने वाले लिंक, फाइल और मैसेज खोलने से बचें। किसी अनजान व्यक्ति की ओर से भेजे गए अटैचमेंट पर बिना जांच किए क्लिक न करें। WhatsApp के आधिकारिक सिक्योरिटी एडवाइजरी पेज पर भी सुरक्षा से जुड़े नए अपडेट की जानकारी देखी जा सकती है।

