ट्रेन में रात 11 बजे के बाद नहीं कर पाएंगे मोबाइल चार्ज, रेलवे ने सख्त किए नियम

Thecity news
3 Min Read

पावर बैंक में विस्फोट की घटना के बाद रेलवे बोर्ड ने रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के निर्देशों का पालन अनिवार्य किया।

ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों के कोच में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के नियम का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद रखना अनिवार्य होगा और इसमें किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।

रेलवे बोर्ड ने 26 अक्टूबर को जारी निर्देश में सभी जोनल रेलवे को इस व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। यात्रियों को रात के इन छह घंटों के दौरान मोबाइल या अन्य उपकरण चार्ज करने के लिए चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध नहीं होंगे।

पावर बैंक में विस्फोट के बाद बढ़ाई गई सख्ती

रेलवे बोर्ड का यह निर्देश दक्षिण पूर्व रेलवे में चार्जिंग के दौरान एक यात्री के पावर बैंक में विस्फोट होने और धुआं निकलने की घटना के बाद आया है। बोर्ड के मुताबिक, संबंधित ट्रेन में निर्धारित समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद नहीं किए गए थे। इसके बाद रेलवे ने सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सख्ती बढ़ाने का फैसला किया।

2014 के आदेश को फिर सख्ती से लागू करने की तैयारी

रेलवे बोर्ड ने अपने पत्र में 19 जून 2014 को जारी पुराने आदेश का भी हवाला दिया है। उस आदेश में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेन के कोच में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का निर्देश दिया गया था।

अब सभी क्षेत्रीय रेलवे को इस नियम का अनिवार्य रूप से पालन कराने के लिए कहा गया है, ताकि चार्जिंग से जुड़ी संभावित दुर्घटनाओं का जोखिम कम किया जा सके।

लापरवाही पर तय होगी कर्मचारियों की जवाबदेही

रेलवे बोर्ड ने संबंधित कर्मचारियों को नियमों के बारे में स्पष्ट निर्देश देने के साथ उचित प्रशिक्षण और परामर्श देने पर जोर दिया है। इसके अलावा, व्यवस्था का पालन हो रहा है या नहीं, यह जांचने के लिए अधिकारी और पर्यवेक्षक औचक निरीक्षण भी करेंगे।

रेलवे का उद्देश्य ट्रेन में आग लगने और बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। ऐसे में यात्रियों को सलाह है कि वे यात्रा से पहले अपने मोबाइल और अन्य जरूरी उपकरण चार्ज कर लें तथा रात के निर्धारित समय में चार्जिंग पॉइंट बंद रहने का ध्यान रखें।

Share This Article