Ahaan Panday और Aneet Padda फिर साथ आएंगे नजर, Mohit Suri की नई फिल्म की शूटिंग अक्टूबर से

Thecity news
3 Min Read

‘सैयारा’ के बाद एक बार फिर साथ दिखेगी अहान पांडे और अनीत पड्डा की जोड़ी, यश राज फिल्म्स की फिल्म की शूटिंग पहले मुंबई और फिर गोवा में होगी

अहान पांडे और अनीत पड्डा की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाली है। दोनों ने ‘सैयारा’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था। ‘सैयारा’ की सफलता के बाद दोनों कलाकारों को कई बड़े प्रोजेक्ट मिले और अब उनकी जोड़ी एक नई रोमांटिक फिल्म में फिर साथ दिखाई देगी।

फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी कर रहे हैं और इसे यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनाया जा रहा है। फिल्म को एक मैच्योर और अलग तरह की लव स्टोरी बताया जा रहा है। अब इसकी शूटिंग को लेकर भी नया अपडेट सामने आया है।

अक्टूबर में मुंबई से शुरू होगी शूटिंग

रिपोर्ट के मुताबिक, मोहित सूरी अक्टूबर में मुंबई से इस फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। इसके बाद फिल्म का अगला शेड्यूल गोवा में शूट किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि जुलाई और अगस्त में फिल्म के लिए लुक टेस्ट पूरे किए जा चुके हैं। अक्टूबर में अंधेरी स्थित यश राज फिल्म्स के स्टूडियो में बनाए गए इनडोर सेट पर शूटिंग शुरू होगी।

पहले शेड्यूल में अहान पांडे और अनीत पड्डा के किरदारों के इंट्रोडक्शन सीन के साथ उनके घरों से जुड़े कुछ हिस्सों की शूटिंग की जाएगी। इसके बाद नवंबर में कहानी का अहम हिस्सा गोवा में फिल्माया जाएगा।

कैसी होगी अहान और अनीत की नई फिल्म?

फिल्म की कहानी को एक अनोखी और मजेदार लव स्टोरी बताया जा रहा है। प्रोड्यूसर अक्षय विधानी चाहते थे कि यह पारंपरिक या सामान्य रोमांटिक फिल्म से अलग हो। इसी वजह से फिल्म में रिश्तों को एक मैच्योर अंदाज में दिखाने की कोशिश की जा रही है।

‘सैयारा’ की तुलना में इस फिल्म में रोमांस के साथ एक्शन का भी तड़का देखने को मिलेगा। फिल्म की कहानी और ट्रीटमेंट को मोहित सूरी के निर्देशन की शैली के अनुरूप बताया जा रहा है।

दिसंबर तक पूरा हो सकता है प्रोजेक्ट

अगर शूटिंग तय योजना के मुताबिक आगे बढ़ती है तो फिल्म का काम दिसंबर 2026 तक पूरा किया जा सकता है। फिलहाल फिल्म की कहानी, टाइटल और रिलीज डेट से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

‘सैयारा’ के बाद अहान पांडे और अनीत पड्डा के फैंस के लिए दोनों को फिर से एक साथ पर्दे पर देखना खास होगा।

Share This Article