Delhi Crime: 17 वर्षीय किशोरी से गैंगरेप के बाद हत्या, शव खेत में फेंका; 3 नाबालिग समेत 7 गिरफ्तार

Thecity news
5 Min Read

स्वरूप नगर में 13 सितंबर को मिला था किशोरी का शव, 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद पुलिस ने 72 घंटे में आरोपियों को पकड़ा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके से नाबालिग किशोरी के साथ गैंगरेप और हत्या का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय किशोरी की गैंगरेप के बाद चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई और शव को एक खाली खेत में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 3 नाबालिगों समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को कुशक रोड के पास एक खेत में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की स्थिति को देखते हुए जांच शुरू की।

खेत में मिला था क्षत-विक्षत शव

उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त शोभित सक्सेना के मुताबिक, 13 सितंबर को पुलिस को स्वरूप नगर में कुशक रोड के पास एक खेत में शव पड़े होने की जानकारी मिली थी। शव काफी क्षत-विक्षत हालत में था और उसकी पहचान करना भी मुश्किल था।

मेडिकल जांच और पोस्टमार्टम के बाद मृतका के नाबालिग होने तथा उसके साथ यौन अपराध किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक, किशोरी के परिवार की ओर से उसके लापता होने की शिकायत भी दर्ज नहीं कराई गई थी।

इसके बाद पुलिस ने परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पॉक्सो एक्ट, हत्या और सबूत मिटाने से जुड़ी भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज किया।

50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

मामले की जांच के लिए पुलिस ने कई विशेष टीमें गठित कीं। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में घटनास्थल के आसपास एक संदिग्ध टेम्पो दिखाई दिया, हालांकि उसका नंबर स्पष्ट नहीं था।

पुलिस ने 15 और 16 सितंबर की रात तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान टेम्पो चालक और मामले के मुख्य आरोपी बताए जा रहे 19 वर्षीय शिवम गणेश को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पुलिस को अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिली।

शिवम की निशानदेही पर 3 नाबालिग गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान शिवम ने अपने तीन नाबालिग साथियों के शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस जब उनके घर पहुंची तो वे वहां नहीं मिले। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीनों को पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार, तीनों नाबालिगों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।

किशोरी और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे

डीसीपी शोभित सक्सेना के अनुसार, किशोरी और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे। पुलिस की जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन किशोरी अपने 17 वर्षीय दोस्त से मिलने गई थी। आरोप है कि वहीं उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

इसके बाद आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों को बुलाया और किशोरी को टेम्पो में अपने साथ ले गया। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों ने टेम्पो में शराब पी और फिर किशोरी के साथ गैंगरेप किया। विरोध करने पर उस पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

शव को खेत में छिपाने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी शव को कुशक नगर के पास एक खाली खेत में ले गए। वहां उन्होंने शव को पत्तों और मिट्टी के नीचे छिपाने की कोशिश की और इसके बाद टेम्पो से मौके से फरार हो गए।

बाद में पुलिस को खेत में शव मिलने की सूचना मिली। जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article