
मुंबई क्राइम ब्रांच अब गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई की कस्टडी लेने की तैयारी में है। पुलिस ने सलमान खान के घर हुई फायरिंग और एनसीपी के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या दोनों मामलों में अनमोल की संदिग्ध भूमिका से जुड़े अहम सबूत इकट्ठा किए हैं। दोनों ही मामलों में वह वांछित आरोपी है और पुलिस उसकी हिरासत की मांग करने वाली है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुछ ऑडियो क्लिप मिले हैं, जिन्हें चार्जशीट में शामिल किया गया है। इन क्लिप्स में अनमोल बिश्नोई और शूटरों के बीच हुई बातचीत दर्ज है, जिसमें अनमोल उन्हें फायरिंग के लिए निर्देश देते सुना गया है।
🔴 चार्जशीट में क्या है?
अपराध शाखा की चार्जशीट के अनुसार, सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग के दौरान अनमोल बिश्नोई ने शूटरों को कहा था:
- “हेलमेट मत पहनो।”
- “फायरिंग करते समय सिगरेट पीना, ताकि बेखौफ दिखो।”
- “गोलियां सोच-समझकर और कैमरे में दिखें ऐसे चलानी हैं।”
अनमोल ने यह भी कहा था कि फायरिंग का मकसद डर पैदा करना था—
“भाई (सलमान) डर जाएं… ऐसे लगना चाहिए कि शूटरों को कोई डर नहीं है।”
🔥 शूटरों से बातचीत के अहम अंश
ऑडियो में अनमोल कहता है—
“राम-राम भाई लोग… बांद्रा में घर के पास रेकी करनी है… काम पूरा होने के बाद हर शख्स को एक फ्लैट, एक गाड़ी और 5 लाख एडवांस मिलेगा।”
गैंगस्टर ने शूटरों को लॉरेंस बिश्नोई की तरफ से भी संदेश देने को कहा और उन्हें “भाई का बदला लेने” के लिए उकसाया।
🔪 बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में अनमोल की भूमिका
अक्टूबर 2024 में मारे गए पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी के मामले में भी पुलिस को अनमोल की संलिप्तता के प्रमाण मिले हैं।
चार्जशीट में दावा है कि—
- अनमोल लगातार साजिशकर्ताओं के संपर्क में था
- शूटरों को फ्लैट, कार और ₹5 लाख अग्रिम देने का लालच दिया गया
- बांद्रा स्थित सिद्दीकी के घर की रेकी का निर्देश भी उसी ने दिया था
मुंबई पुलिस पहले से लॉरेंस बिश्नोई के प्रत्यर्पण का अनुरोध भेज चुकी है, जो फिलहाल साबरमती जेल, गुजरात में बंद है।

