एशियन गेम्स में प्राची चौधरी का कमाल, 400 मीटर में जीता ब्रॉन्ज; अनिमेष कुजूर भी फाइनल में

Thecity news
3 Min Read

प्राची चौधरी ने 53.21 सेकंड के समय के साथ महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान हासिल किया। इस पदक के साथ आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत के कुल पदकों की संख्या 30 हो गई है।

जापान, 26 सितंबर। भारत की प्राची चौधरी ने शनिवार को जापान में चल रहे एशियन गेम्स में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश के पदक खाते में एक और इजाफा किया। प्राची ने 53.21 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत के कुल पदकों की संख्या 30 हो गई है, जिसमें 4 गोल्ड, 12 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।

सलवा ईद नासेर ने बनाया गेम्स रिकॉर्ड

महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में बहरीन की सलवा ईद नासेर ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने 49.20 सेकंड के समय के साथ गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया। ईरान की जहरा जारेई मनूजन ने 52.38 सेकंड में दौड़ पूरी कर सिल्वर मेडल जीता।

दक्षिण कोरिया की सियोयोन किम चौथे स्थान पर रहीं, जबकि भारत की किरण 53.41 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।

अनिमेष कुजूर ने 200 मीटर फाइनल में बनाई जगह

भारत के अनिमेष कुजूर ने पुरुषों की 200 मीटर दौड़ के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में उन्होंने 20.81 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। थाईलैंड के पुरीपोल बूनसन ने 20.10 सेकंड में दौड़ पूरी कर गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया और पहला स्थान हासिल किया।

पुरुषों की 100 मीटर दौड़ के फाइनल में जगह नहीं बना पाने के बाद अनिमेष अब 200 मीटर की मेडल रेस में उतरेंगे।

1500 मीटर फाइनल में भी भारत की दो दावेदारी

पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ के फाइनल में भारत के गुलवीर सिंह और यूनुस शाह ने भी जगह पक्की की। गुलवीर ने हीट-2 में 3:45.79 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि यूनुस शाह हीट-1 में 3:45.77 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। दोनों भारतीय एथलीट सोमवार को होने वाले 1500 मीटर फाइनल में हिस्सा लेंगे।

क्रिकेट और कबड्डी में भी भारत को गोल्ड

एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर भारत का खाता खोला। इसके बाद कमलजीत और सुरुचि सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड जीता। भारत की महिला और पुरुष कबड्डी टीमों ने भी गोल्ड मेडल अपने नाम किए।

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शनिवार को फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड जीता। इसके कुछ घंटे बाद भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने भी ईरान को 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

Share This Article