तिरुवनंतपुरम में रविवार को शुरू होगी तीन मैचों की वनडे सीरीज, 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से अहम होगा मुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज रविवार से शुरू होने जा रही है। सीरीज का पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम जीत के साथ सीरीज का आगाज करना चाहेगी। 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए यह सीरीज दोनों टीमों के लिए अहम मानी जा रही है।
भारतीय टीम की ओपनिंग की जिम्मेदारी शुभमन गिल और रोहित शर्मा संभाल सकते हैं। वहीं, यशस्वी जायसवाल को बैकअप ओपनर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें पहले वनडे में खेलने का मौका मिलता है या नहीं।
विराट कोहली पर नंबर-3 की जिम्मेदारी
नंबर-3 पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी एक बार फिर विराट कोहली के कंधों पर होगी। ऋतुराज गायकवाड़ को मिडिल ऑर्डर में मौका मिल सकता है। वहीं, केएल राहुल मिडिल ऑर्डर को संभालने के साथ विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी निभा सकते हैं।
नीतीश कुमार रेड्डी और रवींद्र जडेजा से बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा नई गेंद संभाल सकते हैं। वहीं, आकिब नबी और गुरनूर बराड़ में से किसी एक को प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने की संभावना है।
वेस्टइंडीज भी मजबूत तैयारी के साथ उतरेगा
दूसरी ओर, शाई होप की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज टीम भी भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी। वेस्टइंडीज ने अपनी घरेलू जमीन पर खेली गई पांच मैचों की वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड को कड़ी टक्कर दी थी।
कीसी कार्टी ने उस सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की और पांच मैचों में 38 की औसत से 194 रन बनाए। कप्तान शाई होप भी अच्छी लय में नजर आए थे। गेंदबाजी में स्पिनर गुडाकेश मोती ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए पांच मैचों में नौ विकेट हासिल किए थे।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक कुल 142 वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 72 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि वेस्टइंडीज ने 64 मुकाबले जीते हैं।
तिरुवनंतपुरम में कैसा रहेगा मौसम?
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को तिरुवनंतपुरम में बारिश की संभावना है। सुबह के समय बारिश की संभावना अधिक बताई गई है, जबकि इसके बाद मौसम साफ रहने की उम्मीद है। ऐसे में मैच के दौरान मौसम की स्थिति पर नजर रहेगी।
कब और कहां देख सकते हैं लाइव मैच?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे दोपहर 2 बजे भारतीय समयानुसार शुरू होगा। टॉस मैच शुरू होने से 30 मिनट पहले होगा। मुकाबले का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर देखी जा सकेगी।

