व्यापारियों के समर्थन में उतरी BJP, राहुल गांधी को लेकर क्या बोले नितिन नवीन?

Thecity news
5 Min Read

दिल्ली में कांग्रेस की रैली से कारोबार प्रभावित होने की आशंका के बीच बीजेपी ने मार्च निकालकर विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।

कांग्रेस की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रस्तावित रैली को लेकर सियासत तेज हो गई है। त्योहारी सीजन में कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताते हुए व्यापारिक संगठनों ने राहुल गांधी से रैली की तारीख आगे बढ़ाने की अपील की है। इस बीच बीजेपी ने व्यापारियों के समर्थन में मार्च निकालकर कांग्रेस पर निशाना साधा।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक से टाउन हॉल तक पदयात्रा निकाली। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ नाम से आयोजित इस मार्च में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, मंत्री प्रवेश वर्मा समेत कई सांसद और वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

राहुल गांधी पर नितिन नवीन का निशाना

पदयात्रा के दौरान नितिन नवीन ने दुकानदारों और व्यापारियों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को न तो व्यापारियों के संभावित नुकसान की चिंता है और न ही जनता को होने वाली परेशानी की।

नितिन नवीन ने दावा किया कि राहुल गांधी जितना ड्रामा करेंगे और झूठ बोलेंगे, कांग्रेस को उतना ही नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि विरोध के बावजूद एसआईआर की प्रक्रिया नहीं रुकेगी।

घुसपैठियों के नाम हटाने का दावा

नितिन नवीन ने कहा कि पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल होंगे, जबकि घुसपैठियों के नाम हटाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता इसके लिए संघर्ष करने को तैयार हैं और पार्टी विपक्ष को बेनकाब करेगी।

2029 को लेकर भी किया दावा

दरअसल, इंडिया ब्लॉक 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में चुनाव आयोग के खिलाफ रैली करने की तैयारी में है। आयोजकों की ओर से इसमें 10 लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है। कॉकरोच जनता पार्टी ने भी रैली को समर्थन देने और इसमें शामिल होने का ऐलान किया है।

चांदनी चौक और आसपास के बाजारों के व्यापारी इस आयोजन को लेकर चिंता जता रहे हैं। उनका कहना है कि त्योहारी सीजन में रैली से कारोबार प्रभावित हो सकता है। बीजेपी ने इसी मुद्दे को उठाते हुए पुरानी दिल्ली के कारोबारी इलाके में मार्च निकाला।

नितिन नवीन ने दावा किया कि राहुल गांधी चाहे जितना जोर लगा लें, 2029 में नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री के तौर पर लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे।

व्यापारियों ने राहुल गांधी को तीसरी बार लिखा पत्र

चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने राहुल गांधी को तीसरी बार पत्र लिखकर मुलाकात का समय मांगा है। संगठन के अध्यक्ष बृजेश गोयल के मुताबिक, व्यापारी चाहते हैं कि राहुल गांधी 20 बाजारों के प्रतिनिधियों से मिलने के लिए 20 मिनट का समय दें।

व्यापारिक संगठनों का कहना है कि वे कांग्रेस नेता को समझाना चाहते हैं कि रैली के कारण बाजारों में आवाजाही प्रभावित होने से कारोबार को बड़ा नुकसान हो सकता है। खबर के मुताबिक, राहुल गांधी की ओर से पत्रों का जवाब नहीं मिला है।

कांग्रेस ने रैली टालने से किया इनकार

कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि रैली तय कार्यक्रम के मुताबिक होगी। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने व्यापारियों के नुकसान के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये के कारोबार प्रभावित होने की बात करने वालों के आयकर रिकॉर्ड की जांच होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी तर्क दिया कि रैली में बड़ी संख्या में लोगों के आने से दुकानदारों की बिक्री बढ़ सकती है। इस मुद्दे पर कांग्रेस और व्यापारिक संगठनों के बीच मतभेद के बीच बीजेपी ने इसे राजनीतिक मुद्दा बना लिया है।

Share This Article