सिनेमाघरों में शानदार कमाई के बाद ‘कॉकटेल 2’ अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है, फिल्म में शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन मुख्य भूमिका में हैं
‘कॉकटेल 2’ के सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद अब फिल्म ओटीटी पर भी आ गई है। शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन स्टारर यह फिल्म 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद अब दर्शक इसे घर बैठे ओटीटी पर देख सकते हैं।
यह फिल्म 2012 में रिलीज हुई कॉमेडी रोमांटिक ड्रामा ‘कॉकटेल’ की दूसरी किस्त है। पहली फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में थे, जबकि इसके दूसरे भाग में शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन नजर आ रहे हैं।
ओटीटी पर ‘कॉकटेल 2’ कब और कहां देखें?
शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन की ‘कॉकटेल 2’ अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। फिल्म की स्ट्रीमिंग 14 अगस्त 2026 से शुरू हुई है।
नेटफ्लिक्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म की स्ट्रीमिंग की जानकारी साझा करते हुए दर्शकों को इसे देखने के लिए आमंत्रित किया है।
लव ट्राएंगल पर आधारित है फिल्म
होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी ‘कॉकटेल 2’ भी पहले भाग की तरह रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा है। फिल्म की कहानी कुणाल और दिया के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनके बीच प्यार तो है, लेकिन शादी को लेकर दोनों असमंजस में हैं।
वेकेशन के दौरान उनकी मुलाकात दिया की दोस्त एली से होती है। एली का किरदार कृति सेनन ने निभाया है। इसके बाद कहानी में नया मोड़ आता है और रिश्तों के बीच उलझन बढ़ने लगती है।
फिल्म को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा था और इसे दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। हालांकि, इसका असर फिल्म की कमाई पर खास नहीं पड़ा।
बॉक्स ऑफिस पर कैसी रही कमाई?
सैक्निल्क के मुताबिक, ‘कॉकटेल 2’ ने दुनियाभर में करीब 147.69 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 113.69 करोड़ रुपये रहा, जबकि ओवरसीज मार्केट से करीब 34 करोड़ रुपये की कमाई हुई।
फिल्म ने भारत में करीब 95.46 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया। इस लिहाज से फिल्म का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन अच्छा रहा।
शाहिद कपूर के वर्कफ्रंट पर भी नजर
शाहिद कपूर फिलहाल अपनी चर्चित वेब सीरीज ‘फर्जी 2’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं। सीरीज के दूसरे सीजन पर काम चल रहा है और इसकी शूटिंग मार्च 2026 में शुरू होने की जानकारी सामने आई थी। पहले सीजन के बाद अब दूसरे सीजन में शाहिद के किरदार को और बड़े स्तर पर दिखाए जाने की उम्मीद है।

